देश के लिए अनावश्यक खर्चों से बचने का संदेश दिया
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने प्रधानमंत्री मोदी की पेट्रोल-डीजल की बचत और अनावश्यक खर्चों में कटौती की अपील का समर्थन किया है। परिषद ने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने और निजी वाहनों का कम उपयोग करने की अपील की है। संत समाज इस अभियान को जनजागरण के रूप में आगे बढ़ाएगा।

हरिद्वार, संवाददाता। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की बचत और अनावश्यक खर्चों में कटौती की अपील का समर्थन करते हुए देशवासियों से ईंधन संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को अपनाने की अपील की है। परिषद ने कहा कि जहां संभव हो, लोग निजी वाहनों के बजाय ट्रेन और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, ताकि ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। उन्होंने प्रधानमंत्री की सोना न खरीदने की अपील का भी समर्थन करते हुए कहा कि देश की आर्थिक मजबूती के लिए अनावश्यक खर्चों से बचना जरूरी है। श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि देशहित में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
उन्होंने कहा कि संत समाज हमेशा से समाज को सही दिशा देने का कार्य करता आया है। अब अखाड़ा परिषद से जुड़े संत धार्मिक यात्राओं और आयोजनों में सार्वजनिक परिवहन और ट्रेन यात्रा को प्राथमिकता देंगे, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और ईंधन की लगातार बढ़ती खपत चिंता का विषय है। यदि लोग छोटी दूरी के लिए भी निजी वाहनों का कम उपयोग करें तो पर्यावरण को काफी लाभ मिलेगा। संत समाज इस अभियान को जनजागरण के रूप में आगे बढ़ाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन