कुंभ से पहले बड़ी तैयारी; हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के लिए 50 करोड़ मंजूर, घाटों का होगा कायाकल्प
Haridwar Ganga Corridor: कुंभ से पहले बड़ी तैयारी है। हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के लिए सरकार ने 50 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इसमें सभी घाटों का कायाकल्प होगा।

Haridwar Ganga Corridor: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 124 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी है। सरकार की इस मंजूरी के तहत हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर परियोजना को विशेष प्राथमिकता दी गई है। हरिद्वार के गंगा तट के प्रमुख घाटों हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, कांगड़ा घाट, रोड़ी बेलवाला घाट और संबंधित पुलों के पुनरुद्धार के लिए 50.23 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इन योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत करना, आपदा प्रबंधन तंत्र को सुदृढ़ करना और पेयजल व बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है। साथ ही, आगामी कुम्भ मेले की तैयारियों के तहत अवस्थापना सुविधाओं के विकास को भी गति मिलेगी।
गंगा-शारदा कॉरिडोर को प्राथमिकता
कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड निवेश एवं अवसंरचना विकास बोर्ड की चौथी बैठक में राज्य की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की थी। उन्होंने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं को शीर्ष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन परियोजनाओं में अगले छह महीनों के भीतर जमीन पर ठोस प्रगति दिखनी चाहिए। उन्होंने समयबद्ध कार्ययोजना बनाने, नियमित मॉनिटरिंग और पारदर्शिता के साथ काम करने पर जोर दिया, ताकि किसी भी तरह की देरी से बचा जा सके।
कुंभ को दिव्य-भव्य बनाने में जुटी सरकार: कैड़ा
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा है कि कुंभ मेले को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उद्देश्य यह है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु और साधु-संत बेहतर अनुभव के साथ लौटें। बुधवार को मंत्री बनने के बाद पहली बार हरिद्वार पहुंचे कैड़ा ने कुंभ मेले की तैयारियों की समीक्षा की। मेला नियंत्रण भवन में उन्होंने मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के साथ गंगा घाट, पुल, पार्किंग सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश दिए। इस बैठक के बाद मंत्री ने निर्माणाधीन सीसीआर-2 भवन का निरीक्षण किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के लिए केंद्र सरकार ने 500 करोड़ का बजट जारी किया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार नगरी देश की धार्मिक और आध्यात्मिक राजधानी के रूप में भी जानी जाती है, इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं और अखाड़ों के साधु-संतों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसे सुनिश्चित कराया जा रहा है।
जगद्गुरु शंकराचार्य से भी मंत्री ने लिया आशीर्वाद
कैड़ा ने कनखल स्थित आश्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम से भेंट की और कुंभ को लेकर चर्चा करते हुए आशीर्वाद भी लिया। वहीं, कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और राम सिंह कैड़ा वेद मंदिर आश्रम भी पहुंचे। पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में उनका स्वागत हुआ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन