काशी और अयोध्या की तर्ज पर हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर, कुंभ के लिए 1027 करोड़ का ऐलान
Ganga Corridor: उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने बजट में घोषणा की कि काशी और अयोध्या की तर्ज की हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर बनेगा। साथ ही सरकार ने कुंभ 2027 के लिए 1027 करोड़ का ऐलान किया है।

Ganga Corridor: उत्तराखंड की पुष्कर संह धामी सरकार ने काशी और अयोध्या की तर्ज पर उत्तराखंड की पावन नगरी हरिद्वार और ऋषिकेश में भी गंगा कॉरिडोर विकसित करने का निर्णय लिया है। बजट में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना के लिए 10 करोड़ और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजना के लिए भी 10 करोड़ की प्रारंभिक व्यवस्था की गई है। यह कॉरिडोर धार्मिक पर्यटन को व्यवस्थित कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा।
आध्यात्म पर्यटन पर सरकार का फोकस
राज्य में आध्यात्मिक पर्यटन को आर्थिक विकास से जोड़ने के लिए सरकार ने बजट में एक अभिनव पहल की है। बजट 2026-27 में स्पिरिचुअल इकोनोमिक जोन (एसईजेड) के विकास के लिए 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से धार्मिक स्थलों के निकट योग, आयुर्वेद और वेलनेस केंद्रों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
कुंभ के लिए 1027 करोड़
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने का संकल्प दोहराया है। सरकार ने कुंभ मेले की तैयारियों और अवस्थापना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बजट में विशाल धनराशि की व्यवस्था की है।
बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कुंभ मेला क्षेत्र में स्थायी और अस्थायी बुनियादी ढांचे के निर्माण, सड़कों के सुदृढीकरण, पुलों और घाटों के विस्तार के लिए अवस्थापना अनुदान के रूप में 1027.00 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह धनराशि कुंभ क्षेत्र के कायाकल्प में मील का पत्थर साबित होगी। केंद्र सरकार ने भी वर्ष 2027 के कुंभ मेले के लिए 500 करोड़ रुपये की विशेष सहायता देने की घोषणा की है। राज्य के 1027 करोड़ और केंद्र के 500 करोड़ रुपये से हरिद्वार में सुविधाएं बढ़ेंगी।
विधायक चौहान ने दी सीएम को बधाई
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने उत्तराखंड का सबसे बड़ा बजट प्रस्तुत करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी है। विधायक चौहान ने कहा कि उत्तराखंड की जनता की आशाओं और आकांक्षाओं की पूर्ति के उद्देश्य से प्रदेश के सीएम ने गैरसैंण विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ का बजट प्रस्तुत किया है। यह जन-जन का बजट है। यह प्रदेश के चहुंमुखी विकास को नई गति देते हुए आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त प्रदेश निर्माण के हमारे संकल्प को साकार करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन