हर की पौड़ी पर शेख की पोशाक में VIDEO बनाने वाले दोनों दबोचे गए; क्या था मकसद?
हरिद्वार पुलिस ने गंगा के मुख्य स्नान घाट हर की पौड़ी पर शेख की पोशाक (कंदूरा) में वीडियो बनाने वाले दोनों युवकों को पकड़ लिया है। दोनों ही हरिद्वार के निवासी हैं। क्यों किया था ऐसा वीडियो शूट?

हरिद्वार के हर की पौड़ी पर शेख का लिबास (कंदूरा) पहनकर घूमने वाले दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया है। दोनों हरिद्वार के ही रहने हैं। दोनों अपने यूट्यूब चैनल के लिए वीडियो बना रहे थे। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने अधिक लाइक पाने के लिए यह भेष धरा था। पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगने के बाद उनका चालान कर और दोबारा ऐसा नहीं करने की हिदायत देकर छोड़ दिया।
क्या था मकसद? पूछताछ में बताया
पुलिस ने बताया कि नवीन कुमार और प्रिंस को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे अपने यूट्यूब चैनल के लिए वीडियो बनाने हर की पौड़ी गए थे ताकि उन्हें अधिक लाइक और कमेंट मिल सकें। दोनों की उम्र 22 साल बताई जाती है। पुलिस ने आगे बताया कि दोनों युवकों ने इस कृत्य से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगी।
हिदायत के बाद छोड़ा
इसके बाद पुलिस ने भी भविष्य में ऐसा वीडियो नहीं बनाने की हिदायत देते हुए चालान करने के बाद दोनों को छोड़ दिया। हालांकि पुलिस ने यह भी कहा कि आधी-अधूरी वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों की भी पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गैर-हिंदुओं की एंट्री बैन करने की मांग
हर की पौड़ी पर शेख के लिबास में युवकों का वीडियो ऐसे वक्त वायरल हुआ जब हरिद्वार कुंभ मेला क्षेत्र में स्थित सभी गंगा घाटों पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की जा रही है। वायरल वीडियो से अटकलों का बाजार गर्म कर दिया था।
नाम हबीबुल्ला और हबीबी बताया था
इस घटना को लेकर तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी देखी जा रही थी। पुरोहितों ने बताया कि कंदूरा पहने घूम रहे युवकों को रोककर जब उनसे सवाल किए गए तो उन्होंने अपना नाम दुबई निवासी हबीबुल्ला और हबीबी बताया। अधिक पूछताछ पर उन्होंने खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताते हुए यूट्यूब के लिए वीडियो बनाने की बात कही।
बोला था, कहीं भी घूमने के लिए आजाद
पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, जब तीर्थ पुरोहितों ने युवकों को वहां से जाने के लिए कहा तो युवकों कहा कि वे भारत में कहीं भी घूमने के लिए आजाद हैं। इसके बाद पुरोहितों ने मामले की जानकारी गंगा सभा को दी जिन्होंने तुरंत पुलिस को इस बारे में सूचित किया। हालांकि जब तक गंगा सभा के पदाधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचते तब तक दोनों युवक वहां से गायब हो चुके थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन