Ex Teacher Arrested with AK-47 Round Illegal Pistols Seized from Home Jailed Earlier for Rape of Student उत्तराखंड में पूर्व शिक्षक एके 47 कारतूस और तमंचे के साथ अरेस्ट, छात्रा से रेप में जा चुका जेल, Haldwani Hindi News - Hindustan
More

उत्तराखंड में पूर्व शिक्षक एके 47 कारतूस और तमंचे के साथ अरेस्ट, छात्रा से रेप में जा चुका जेल

हल्द्वानी में पूर्व शिक्षक एके 47 कारतूस और दो तमंचों के साथ अरेस्ट हुआ है। छात्रा से रेप केस में वह जेल जा चुका है। घटना के बाद से इलाके में दहशत है।

Wed, 18 Feb 2026 02:42 PMGaurav Kala हल्द्वानी
share
उत्तराखंड में पूर्व शिक्षक एके 47 कारतूस और तमंचे के साथ अरेस्ट, छात्रा से रेप में जा चुका जेल

उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पॉक्सो के आरोप में जेल जा चुके बर्खास्त शिक्षक के घर से एके-47 का एक कारतूस, दो अवैध तमंचे और कुल 17 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी 60 वर्षीय मोबिन खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बरामद हथियारों के स्रोत की जांच की जा रही है। वनभूलपुरा रेलवे प्रकरण में प्रस्तावित सुनवाई से पहले इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात वनभूलपुरा थाने को गौजाजाली स्थित एक घर में पारिवारिक विवाद और मारपीट की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आयशा मस्जिद क्षेत्र निवासी मोबिन खान के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एके-47 का एक कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा 315 बोर और 12 बोर के दो अवैध तमंचे तथा 16 अन्य कारतूस भी मिले। बरामदगी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में हरियाणवी युवक की बच्ची से हो रही थी शादी, पुलिस ने उड़ाए होश
ये भी पढ़ें:वित्त मंत्री का फर्जी विज्ञापन, मोबाइल हैक; साइबर ठगों ने उड़ाए 48 लाख
ये भी पढ़ें:गैंगस्टर से कारोबारी; विक्रम को उत्तराखंड में किसने दिलाया स्टोन क्रशर लाइसेंस?

सरकारी स्कूल में छात्रा से दुष्कर्म का आरोप

कोतवाल डी.एस. फर्त्याल ने बताया कि मोबिन खान पहले नैनीताल जिले के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक था। कुछ वर्ष पूर्व उस पर मुखानी क्षेत्र में एक छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा था। मुकदमा दर्ज होने के बाद वह करीब सात वर्ष तक जेल में रहा और इसी कारण उसे शिक्षा विभाग से बर्खास्त कर दिया गया था। सोमवार को पारिवारिक झगड़े की सूचना पर पुलिस घर पहुंची तो तलाशी में अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास एके-47 का कारतूस और अन्य हथियार कहां से आए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी की मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है।

ऑपरेशन क्रैकडाउन

इधर, जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर “ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। नैनीताल पुलिस ने आश्रमों, होम-स्टे, हॉस्टल, प्रतिष्ठानों और शैक्षणिक संस्थानों में जांच की। अभियान के दौरान 302 लोगों का सत्यापन किया गया। संदिग्ध पाए जाने पर 78 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई और करीब 39 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। संवेदनशील मामलों की सुनवाई से पहले सतर्कता बढ़ाई गई है और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।