देहरादून एयरपोर्ट पर पार्किंग 265 रुपए तक सस्ती, एंट्री टोकन का झंझट भी खत्म
देहरादून एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। एएआई ने पार्किंग की नई दरें लागू की हैं। पहले जहां पार्किंग 345 रुपए लगती थी, अब 80 रुपए लगेंगे। वहीं, एंट्री टोकन का झंझट भी खत्म हो गया है।

देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों और उनके परिजनों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने एयरपोर्ट पर नए वाहन पार्किंग शुल्क तय कर दिए हैं और इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही नई दरें लागू होने जा रही हैं, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पहले कमर्शियल वाहनों के लिए लेन पिकअप पर लगने वाले 345 रुपये शुल्क लगता था, जिसे अब 80 रुपये कर दिया गया है।
पार्किंग शुल्क में बड़ा बदलाव
नए प्रस्तावित शुल्क के मुताबिक अब अलग-अलग समय अवधि के लिए पार्किंग दरें निर्धारित की गई हैं। दोपहिया वाहनों के लिए 0-30 मिनट के 15 रुपये, 30-60 मिनट के 20 रुपये और 60-120 मिनट के 30 रुपये तय किए गए हैं। निजी कारों के लिए 40, 60 और 80 रुपये शुल्क रखा गया है।
वहीं, एएआई कॉमर्शियल कारों के लिए 40, 30 और 55 रुपये, जबकि नॉन-एएआई कॉमर्शियल कारों के लिए तीनों अवधि में 80-80-80 रुपये शुल्क तय किया गया है। टेम्पो ट्रैवलर/मिनी बस के लिए 180, 120 और 240 रुपये तथा बस/ट्रक के लिए 300, 200 और 400 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
कमर्शियल वाहनों को बड़ी राहत
सबसे बड़ा बदलाव नॉन-एएआई लाइसेंस प्राप्त कमर्शियल वाहनों के लिए किया गया है। पहले लेन पिकअप पर 345 रुपये तक का शुल्क देना पड़ता था, जिसे अब घटाकर मात्र 80 रुपये कर दिया गया है। इससे टैक्सी और अन्य कमर्शियल वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।
एंट्री होगी आसान, जाम से मिलेगी राहत
एयरपोर्ट निदेशक भूपेश नेगी के मुताबिक अब एयरपोर्ट में प्रवेश के लिए एंट्री टोकन लेने की जरूरत नहीं होगी। टोल बूथ को पार्किंग क्षेत्र के बाहर शिफ्ट किया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
हाईटेक होगा एयरपोर्ट
सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एयरपोर्ट पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) सिस्टम लगाया जाएगा। इस तकनीक के जरिए वाहनों की नंबर प्लेट स्वतः स्कैन होगी, जिससे एंट्री और एग्जिट प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन