दो दिन बाद दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर 100 KM की रफ्तार से दौड़ेंगी कारें, 14 को लच्छीवाला टोल फ्री
Delhi Dehradun Expressway: 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर 100 किलोमीटर की रफ्तार से गाड़ियां दौड़ेंगी। 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल फ्री रखा गया है। पीएम मोदी 14 अप्रैल को एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।

Delhi-Dehadun Expressway: देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच की दूरी अब घंटों के बजाय मिनटों में मापी जा रही है। इस सफर में आपकी गाड़ी का प्रकार यह तय करेगा कि आप कितनी जल्दी अपनी मंजिल तक पहुंचेंगे। एक्सप्रेस-वे पर प्राइवेट और कॉमर्शियल वाहनों के बीच यात्रा के समय में स्पष्ट अंतर रहेगा।
नियमों के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर प्राइवेट कारों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। वहीं, कॉमर्शियल कारों में स्पीड गवर्नर लगे होने के कारण वे 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ज्यादा नहीं दौड़ सकतीं। ऐसे में स्वाभाविक है कि कॉमर्शियल कारों से पहले प्राइवेट कारें दिल्ली पहुंचेंगी।
रफ्तार का गणित ऐसे समझिए
यदि एक प्राइवेट कार औसत 90 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलती है, तो वह देहरादून से दिल्ली तक का 210 किलोमीटर का सफर मात्र 2 घंटे 20 मिनट में पूरा कर लेगी। इसके विपरीत, यदि कोई कॉमर्शियल कार 70 किमी प्रति घंटा की औसत रफ्तार से चलती है, तो उसे दिल्ली पहुंचने में पूरे 3 घंटे लगेंगे। यानी, एक प्राइवेट कार कॉमर्शियल वाहन की तुलना में करीब 40 मिनट पहले दिल्ली की सीमा में प्रवेश कर जाएगी।
सुरक्षा और नियम
विशेषज्ञों का मानना है कि कॉमर्शियल वाहनों पर गति की पाबंदी सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्पीड गवर्नर एक सुरक्षा कवच की तरह है। प्राइवेट कारों को थोड़ी अधिक छूट जरूर दी गई है, लेकिन वहां भी 100 किमी/घंटा की रफ्तार पार करते ही ऑटोमैटिक चालान का प्रावधान है।
भारी वाहनों को सबसे बाईं ओर चलना होगा
एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए भारी वाहनों की अधिकतम गति सीमा 80 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है। सड़क मानकों के अनुसार, भारी वाहनों को अनिवार्य रूप से सबसे बाईं ओर यानी लेन-3 में चलना होगा।
14 को लच्छीवाला टोल रहेगा निशुल्क
14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल प्लाजा टोल मुक्त रहेगा, जबकि मोहंड के समीप आशा रोड़ी बैरियर भी खुला रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे के मद्देनजर जिलाधिकारी सविन बंसल ने शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए यह निर्णय लिया है। इस अवधि में फास्ट टैग से भी किसी प्रकार का कोई टोल नहीं वसूला जाएगा।
दून- दिल्ली एक्सप्रेस वे के लोकार्पण एवं जसवंत सिंह ग्राउंड गढ़ी कैंट परिसर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम में काफी संख्या में लोगों के प्रतिभाग करने की संभावना है। ऐसे में जिला प्रशासन व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने में जुटा है। इस दौरान अधिक संख्या में वाहन शहर में आएंगे जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में जिलाधिकारी सविन बंसल ने लच्छीवाला टोल प्लाजा को 14 अप्रैल को प्रातः 5:00 बजे से सांय 8:00 बजे तक खुला रखने के आदेश दिए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की रैली के दिन साफ रहेगा मौसम
देहरादून में 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैली में मौसम कोई खलल नहीं डालेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रैली वाले दिन राजधानी दून समेत पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि 12 अप्रैल को राज्य के उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 13 से 15 अप्रैल को पूरे उत्तराखंड में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन