उत्तराखंड के सीएम धामी बोले, प्रधानमंत्री के 12 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां अभूतपूर्व
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने और सर्वाधिक अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने पर उत्तराखंड की जनता की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाएँ
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, जीएसटी व्यवस्था तथा रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने देश को नई दिशा प्रदान की है।
कोविड-19 महामारी के दौरान भारत का नेतृत्व
उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान भारत द्वारा किए गए व्यापक टीकाकरण अभियान तथा ‘वैक्सीन मैत्री’ पहल को भी वैश्विक नेतृत्व का उदाहरण बताया। प्रधानमंत्री के सैनिकों के सम्मान,सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा सनातन सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक तथा केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण जैसे कार्यों को राष्ट्र के सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया।
उत्तराखंड के विकास में प्रधानमंत्री का योगदान
प्रधानमंत्री मोदी के उत्तराखंड के विशेष स्नेह और सहयोग के लिए आभार जताते हुए मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम पुनर्विकास, चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, रोपवे परियोजनाओं, वंदे भारत एक्सप्रेस, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं को नई गति मिली है। वर्षों से लटकी परियोजनाओं के शुरू होने से राज्य के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।
भारत का भविष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को अवश्य प्राप्त करेगा और विश्व पटल पर अग्रणी राष्ट्र के रूप में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन