सहसपुर में CM धामी ने रखी विकास कार्यों की नींव, इन इलाकों की सड़क होंगी चौड़ी
शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिकी सशक्त होगी क्योंकि मजबूत सड़कें किसी भी प्रदेश की तरक्की की नींव होती हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। सड़क चौड़ीकरण कार्य के द्वितीय चरण के तहत 12.40 करोड़ रुपये की लागत से मीठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक और परवल से विज्ञान धाम झाझरा तक की सड़क बनेगी। स्थानीय लोगों को सड़क के और बेहतर बनने से काफी फायदा होगा।
शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की आर्थिकी सशक्त होगी क्योंकि मजबूत सड़कें किसी भी प्रदेश की तरक्की की नींव होती हैं। उन्होंने कहा कि सड़क के मजबूत बनने और चौड़ी हो जाने से ट्रैफिक जाम की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।
विकास की कई घोषणाएं
सीएम ने सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के शिलान्यास के अलावा सहसपुर के लिए विकास के अन्य कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाऊवाला में पीने के पानी की सप्लाई के लिए नलकूप बनाया जाएगा। वहीं नगर निगम क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निजात पाने के लिए दरू चौक से केशववाला नदी तक नाला बनाया जाएगा। इनके अलावा आर्केडिया बड़ोवाला पार्क के पास मोक्षधाम बनेगा तो आसनपुर से श्मशान घाट तक पुस्ता और सड़क बनेगी।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ठाकुरपुर अंतर्गत उमेदपुर और परवल में आसन नदी पर कृषि भूमि की सुरक्षा हेतु पुस्ता निर्माण होगा। इनके अलावा नगर निगम वार्ड संख्या 93 बड़ोवाला आवासीय क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए और पौंधा में श्मशान घाट सड़क बनाने और नाले से भूमि कटाव की रोकथाम के लिए भी पुस्ता बनाने की तैयारी है।
जीरो टॉलरेंस की नीति जारी
सीएम ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की मूल पहचान, संस्कृति और जनसांख्यिकीय संतुलन से किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और अवैध अतिक्रमण और भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। धामी ने कहा कि प्रदेश में रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है औक इस वित्तीय वर्ष में 10 से 12 हजार नियुक्तियों की तैयारी की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन