शिक्षा निदेशक पिटाई कांड, भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की गिरफ्तारी पर अड़े कर्मचारी
Education Director Assault Case: शिक्षा निदेशक पिटाई कांड में कर्मचारियों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। सीएम धामी से मुलाकात के बाद भी कर्मचारी भाजपा विधायक काऊ की गिरफ्तारी पर अड़े हैं।

Education Director Assault Case: बेसिक शिक्षा निदेशक से मारपीट के मामले में अधिकारी-कर्मचारी भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए हैं। मुख्यमंत्री और शाम को मुख्य सचिव से वार्ता के बाद भी आंदोलनकारी नहीं माने। उक्त प्रकरण को लेकर शिक्षा विभाग में निदेशक स्तर से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों तक ने सोमवार को कार्य बहिष्कार कर निदेशालय में धरना दिया। धरनास्थल पर सभा में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि मामले के मुख्य आरोपी विधायक हैं और उनकी गिरफ्तारी हर हाल में होनी चाहिए।
इससे इतर किसी बात पर समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में तय किया गया कि विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मंगलवार को भी कार्य बहिष्कार कर धरना जारी रखेंगे। यहीं सुबह 11 बजे कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसमें आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
सीएम धामी के समझाने पर भी नहीं माने
उधर, संयुक्त मोर्चा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हुई वार्ता का ब्योरा सार्वजनिक किया। वक्ताओं ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने सीएम के समक्ष विधायक समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, विधायक के अधिकारी-कर्मचारियों के बीच आकर सार्वजनिक माफी मांगने व कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सख्त एसओपी बनाने की मांग रखी।
मोर्चा अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने दावा किया कि सीएम ने मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। वार्ता के दौरान सीएम ने मुख्य सचिव, डीजीपी, एसएसपी देहरादून व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से इस प्रकरण को लेकर बात की, लेकिन गिरफ्तारी को लेकर स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा गया। मोर्चा प्रतिनिधिमंडल ने शाम को मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन से मिल सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा को एसओपी व पुलिस की व्यवस्था करने को लेकर वार्ता की। इस के बाद भी ठोस हल नहीं निकल पाया।
मोर्चा के महामंत्री मुकेश बहुगुणा ने बताया कि हम एसओपी समेत सभी मांगों पर ठोस समाधान चाहते हैं। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। मीडिया प्रभारी संजय भास्कर ने कहा कि मंगलवार को कोर कमेटी की बैठक में मांगों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
दफ्तरों में सुरक्षा के लिए एसओपी बनेगी:धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि प्रदेश के सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने मुख्य सचिव को इसकी एसओपी बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन