दिल्ली-जयपुर जा रही वोल्वो बस अचानक बनी आग का गोला, 32 यात्री थे सवार; मची चीख पुकार
देहरादून से दिल्ली-जयपुर जा रही वोल्वो बस में अचानक लग गई। बस में दो विदेशियों समेत 32 यात्री सवार थे। अचानक लगी आग से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया।

देहरादून से दिल्ली और जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में बुधवार को बहादराबाद क्षेत्र में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान बस में सवार 32 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया। कुछ ही देर में बस जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों में दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे, जिनमें एक महिला ब्राजील की निवासी बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली-जयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बहादराबाद क्षेत्र में क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे और शांतारशाह पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर पहले बस में अचानक आग लग गई।
चालक ने दिखाई सूझबूझ
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल बस को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस में रखा यात्रियों का सामान और लगेज भी आग में नष्ट हो गया।
आग लगने की क्या वजह
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि बस चालक अरुण कुमार ने प्रारंभिक तौर पर इंजन की तरफ से आग लगने की बात बताई है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका है। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद सभी यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। आधी रात हाईवे पर बस में लगी आग के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन