देहरादून परेड ग्राउंड के चारों ओर आज जीरो जोन, ट्रैफिक प्लान देखकर ही घर से निकलें
Dehradun Traffic Plan: आज देहरादून में धामी सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम को लेकर 23 मार्च को व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है।

Dehradun Traffic Plan: उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम को लेकर आज 23 मार्च को परेड ग्राउंड के आसपास जीरो ट्रैफिक जोन रहेगा। अगर आप आज घर से निकल रहे हैं तो जाम से बचने के लिए ट्रैफिक प्लान को जरूर देखें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और अनावश्यक रूप से परेड ग्राउंड क्षेत्र की ओर जाने से बचें, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए प्वाइंट
मसूरी-राजपुर रोड रूट: सर्वे चौक तक ड्रॉप, बन्नू स्कूल में पार्किंग
मसूरी-राजपुर रोड की ओर से आने वाले वाहनों को मसूरी डायवर्जन, ग्रेट वेल्यू, बहल चौक और सर्वे चौक होते हुए कॉन्वेंट तिराहे तक जाने की अनुमति होगी, जहां वे यात्रियों को उतारेंगे। इसके बाद सभी वाहन बन्नू स्कूल में पार्क किए जाएंगे। वहीं, पिकअप प्वाइंट सर्वे चौक के पास निर्धारित किया गया है।
विकासनगर-चकराता रूट: लैंसडौन चौक पर ड्रॉप, कनक चौक पिकअप
विकासनगर और चकराता की दिशा से आने वाले वाहन बल्लूपुर चौक, किशन नगर, बिंदाल, घंटाघर और दर्शनलाल चौक से होते हुए लैंसडौन चौक तक पहुंचेंगे। यहां यात्रियों को उतारने के बाद वाहन बन्नू स्कूल में खड़े किए जाएंगे, जबकि पिकअप प्वाइंट कनक चौक रहेगा।
रुड़की-आईएसबीटी रूट: बुद्धा चौक ड्रॉप, रेसकोर्स में पार्किंग
रुड़की और आईएसबीटी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कारगी चौक, पुरानी बाईपास चौकी और धर्मपुर होते हुए बुद्धा चौक तक का रूट तय किया गया है। इन वाहनों की पार्किंग रेसकोर्स क्षेत्र में की जाएगी।
रायपुर और सहस्रधारा रूट: सर्वे चौक और कॉन्वेंट तिराहा मुख्य प्वाइंट
रायपुर की ओर से आने वाले वाहन चूना भट्ठा से होते हुए आईआरडीटी और सर्वे चौक के पास यात्रियों को उतारेंगे और इसके बाद बन्नू स्कूल में पार्क किए जाएंगे। सहस्रधारा रोड से आने वाले वाहन भी सर्वे चौक के रास्ते कॉन्वेंट तिराहे तक पहुंचेंगे, जहां ड्रॉप और पिकअप दोनों की व्यवस्था रहेगी।
सिटी बसों के बदले रूट: घंटाघर और तहसील चौक से डायवर्जन
शहर में सिटी बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है। आईएसबीटी से राजपुर रोड जाने वाली बसें अब दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए आगे बढ़ेंगी। रिस्पना से आने वाली बसें तहसील चौक से ही वापस लौटेंगी, जबकि रायपुर से आने वाली बसों को सहस्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और राजपुर रोड के रास्ते घंटाघर भेजा जाएगा।
विक्रम-मैजिक डायवर्जन: अलग-अलग रूट से वाहनों की वापसी
विक्रम और मैजिक वाहनों के लिए भी डायवर्जन लागू किया गया है। रायपुर रूट के वाहन सहस्रधारा क्रॉसिंग से ही वापस होंगे, जबकि धर्मपुर रूट के वाहन तहसील चौक से दून चौक होते हुए एमकेपी चौक की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। आईएसबीटी और कांवली रूट के वाहन रेलवे गेट से वापस लौटेंगे और प्रेमनगर रूट के वाहनों को प्रभात कट से ही मोड़ दिया जाएगा।
पार्किंग प्लान: बसों और निजी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। बसों को गुरुद्वारा ग्राउंड रेसकोर्स, रेंजर्स ग्राउंड और गुरुनानक स्कूल ग्राउंड में खड़ा किया जाएगा। वहीं, कार और दोपहिया वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड खेल मैदान, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग, डूंगा हाउस और मंगला देवी स्कूल को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
बैरियर और सुरक्षा: आउटर और इनर सर्कल में सख्ती
सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए शहर में कई जगह बैरियर भी लगाए गए हैं। आउटर बैरियर सर्वे चौक, मनोज क्लीनिक, बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक, ओरिएंट चौक और पैसिफिक तिराहे पर होंगे, जबकि इनर बैरियर रोजगार तिराहा, कनक चौक, डूंगा हाउस, लैंसडौन चौक और कॉन्वेंट तिराहे पर लगाए गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन