भाजपा विधायक काऊ और शिक्षा निदेशक को मारपीट के केस में क्लीन चिट, पुलिस ने क्या बताया
शिक्षा निदेशालय में हुए मारपीट कांड को लेकर पुलिस ने भाजपा विधायक काऊ और शिक्षा निदेशक को क्लीन चिट दे दी है। दोनों ने शपथ पत्र के साथ समझौता कर लिया है।

ननूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय में करीब दो महीने पहले हुए हाई-प्रोफाइल बवाल और मारपीट का अब पटाक्षेप हो गया है। रायपुर क्षेत्र के भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ और शिक्षा निदेशक को पुलिस ने इस मामले में क्लीन चिट दे दी है। दोनों पक्षों की ओर से आगे कोई कानूनी कार्रवाई न चाहने का शपथ पत्र दिए जाने के बाद रायपुर थाना पुलिस ने केस बंद करने की रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी है।
यह घटना बीते 21 फरवरी को शिक्षा ननूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय में हुई। इसके बाद रायपुर थाने में दोनों तरफ से मुकदमे दर्ज किए गए थे। एसपी देहात जया बलोनी ने बताया कि पुलिस तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही थी। इसी बीच दोनों पक्षों ने एसएसपी कार्यालय में एक शपथ पत्र सौंप दिया। जिसमें उन्होंने आपसी सहमति का हवाला देते हुए मामले में आगे की कार्रवाई न चाहने की बात कही। वहां से यह शपथ पत्र थाने पहुंचा। जिसे आधार बनाते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के केसों में कोर्ट में अपनी अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी है।
दोनों ने अपना केस वापस लिया
एसपी देहात के मुताबिक अगर केस दर्ज कराने वाले अपना केस वापस न लेते तो पुलिस जांच में मिलने वाले तथ्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कोर्ट में रिपोर्ट भेजती। पुलिस की अंतिम रिपोर्ट दाखिल होने के बाद अब इस मामले में कानूनी प्रक्रिया लगभग समाप्त मानी जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से चर्चाओं का दौर जारी था।
विद्यालय नामकरण पर हुआ था विवाद
विवाद की जड़ रायपुर क्षेत्र में बने एक विद्यालय के नामकरण से जुड़ी थी। विधायक उमेश शर्मा काऊ स्कूल का नाम निशुल्क भूमि दान करने वाले दाता के नाम पर रखे जाने की पैरवी कर रहे थे। घटना के दिन वह अपने समर्थकों की भीड़ संग निदेशालय पहुंचे थे। यहां विधायक की मौजूदगी में उनके साथ मौजूद लोगों ने तत्कालीन निदेशक अजय कुमार नौडियाल से मारपीट करने साथ ही तोड़फोड़ की थी। घटना के बाद प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौड़ियाल ने विधायक उमेश काऊ और उनके अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कराया था। इसके जवाब में विधायक काऊ के सुरक्षाकर्मी की ओर से भी क्रॉस केस दर्ज कराया गया था।
कल्ली समेत चार आरोपी पुलिस ने लिए थे हिरासत में
घटना को लेकर शिक्षकों ने आक्रोश जताया था। तुरंत बाद पुलिस भी एक्शन मोड में थी। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के निर्देशों के बाद रायपुर थाना पुलिस ने शिक्षा निदेशक की ओर से दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए इलाके के नामी हिस्ट्रीशीटर अरविंद सिंह पुंडीर उर्फ कल्ली समेत चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया था। अब दोनों पक्षों के बीच सुलह होने के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले की फाइल बंद हो जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन