देहरादून-नैनीताल समेत पूरे उत्तराखंड में ओलावृष्टि-आंधी की चेतावनी, पहाड़ों में भारी बारिश का खतरा
हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जनपदों में ओलावृष्टि और आंधी की आशंका है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तेज हवाएं चलेंगी और बिजली चमकने की संभावना है।

Uttarakhand Weather Alert: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों के लिए खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के मैदानी और पहाड़ी दोनों इलाकों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में ओलावृष्टि और तेज आंधी का खतरा बना हुआ है। इन क्षेत्रों में अचानक मौसम बदलने से फसलों को नुकसान और यातायात में बाधा की स्थिति पैदा हो सकती है। खासकर मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की संभावना को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तेज हवाएं और बिजली चमकने की चेतावनी
वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार, इन पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है और कुछ स्थानों पर अचानक बारिश के तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है, जिससे भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने का खतरा बढ़ सकता है।
20 मार्च के बाद भी मौसम अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 मार्च को भी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी। ऐसे में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
तापमान का हाल
एक्युवैदर के मुताबिक, गुरुवार को देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 24डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान 26–28 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15–17 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं, नैनीताल और चंपावत जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 18–20 डिग्री और न्यूनतम 8–10 डिग्री रहने का अनुमान है। उच्च हिमालयी जिलों जैसे पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में अधिकतम तापमान 12–16 डिग्री और न्यूनतम 4–8 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन