देहरादून में बेखौफ हो रहे अपराधी! घर में घुसकर परिवार को बनाया बंधक, 50 लाख के जेवर लूटे
देहरादून के मेहूंवाला में चार नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों को बंधक बनाकर एक लाख नगदी और 50 लाख के जेवरात लूट लिए। पुलिस और एसओजी की टीमें सीसीटीवी फुटेज के जरिए लुटेरों की तलाश में जुटी हैं।

देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के मेहूंवाला में बेखौफ बदमाशों ने गुरुवार देर रात पुलिस को चुनौती दी। हथियारों से लैस चार नकाबपोश बदमाशों ने वन विहार स्थित एक घर में घुसकर महिलाओं और बच्चों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट की और असलहे के बल पर एक लाख रुपये की नगदी व करीब 50 लाख रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
घटना मेहूंवाला के वन विहार में समृद्ध परिवार शराफत अली के यहां गुरुवार रात हुई। घटना के वक्त वह अपने चाचा की दुकान पर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी रुबिना, सास सबिना, तीन छोटे बच्चे और पड़ोस में रहने वाली नेहा मौजूद थीं। तभी अचानक नकाबपोश चार बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने घर में घुसते ही महिलाओं और बच्चों को हथियारों के बल पर काबू में कर लिया। विरोध करने पर उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। डरे-सहमे परिवार से बदमाशों ने घर में रखे एक लाख रुपये लूट लिए और शराफत की पत्नी रुबिना के शरीर से सोने-चांदी के जेवरात भी उतरवा लिए। इसके अलावा घर में रखे गहने भी लूट गए। बदमाशों के जाते ही शराफत को उनकी पत्नी ने फोन किया। तब पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अफसरों में हड़कंप मच गया। सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। लुटेरों की तलाश में पुलिस और एसओजी जांच कर रही है।
रिलायंस ज्वेलरी लूट के बाद बड़ी घटना
देहरादून में नौ नवंबर 2023 को राज्य के इतिहास की सबसे बड़ी डकैती की घटना हुई थी। राष्ट्रपति की मौजूदगी के बीच सचिवालय और पुलिस मुख्यालय के पास स्थित रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में बिहार के सुबोध गैंग के डकैत 14 करोड़ रुपये से अधिक के गहने लूट ले गए थे।
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल के पास लगे कैमरों में संदिग्धों की फुटेज मिली है। पुलिस अब बदमाशों के रूट को मैप कर रही है। बदमाशों के सहारनपुर की तरफ भागने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन