Uttarakhand Dehradun aqi first time remains more than 300 for 12 hrs alarming for future कहीं हो न जाए दिल्ली-NCR सा हाल! देहरादून में पहली बार 12 घंटे 300 के पार रहा AQI, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

कहीं हो न जाए दिल्ली-NCR सा हाल! देहरादून में पहली बार 12 घंटे 300 के पार रहा AQI

देहरादून विवि के पर्यावरण विभाग के एचओडी डा. विजय श्रीधर के अनुसार हवा ना चलने और ठंड की वजह से जो भी प्रदूषण हो रहा है वो फैल नहीं पा रहा है। जिस कारण प्रदूषित कण जैसे पीएम-10 या पीएम-2.5 का घनत्व काफी ज्यादा हो गया है।

Thu, 1 Jan 2026 06:15 PMUtkarsh Gaharwar हिन्दुस्तान, देहरादून
share
कहीं हो न जाए दिल्ली-NCR सा हाल! देहरादून में पहली बार 12 घंटे 300 के पार रहा AQI

देहरादून में पहली बार एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 12 घंटे से ज्यादा समय तक लगातार 300 के पार रहा। मंगलवार की आधी रात को एक्यूआई अधिकतम 385 तक जा पहुंचा था। वहीं, औसत एक्यूआई 318 दर्ज किया गया, जो कि सामान्य दिनों में अब तक का सबसे ज्यादा एक्यूआई है। पिछले कुछ दिनों से नए साल के जश्न के लिए दून में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। लोग बोन फायर आदि कर रहे हैं। इसके अलावा बारिश ना होने, हवा ना चलने से भी प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है।

दून विवि के पर्यावरण विभाग के एचओडी डा. विजय श्रीधर के अनुसार हवा ना चलने और ठंड की वजह से जो भी प्रदूषण हो रहा है वो फैल नहीं पा रहा है। जिस कारण प्रदूषित कण जैसे पीएम-10 या पीएम-2.5 का घनत्व काफी ज्यादा हो गया है। जो सीधे तौर पर एक्यूआई बढ़ने के लिए जिम्मेदार हैं।

डॉ. श्रीधर के अनुसार सोमवार शाम करीब पांच बजे से ही प्रदूषण बढ़ना शुरू हो गया था, जो कि तीन सौ से ऊपर रहा। रात करीब 12 बजे के आसपास ये 385 तक पहुंच गया। सुबह साढ़े पांच बजे तक तीन सौ के पार रहा। औसत एक्यूआई 318 पहुंच गया था। बताया जा रहा है कि ये पहली बार है जब पूरी रात यानी करीब 12 घंटे तक एक्यूआई तीन सौ के पास खतरनाक स्थिति में रहा। दीवाली की रात भी कभी 12 घंटे तक एक्यूआई तीन सौ के पार नहीं रहा था।

पहाड़ों पर आज और कल बारिश-बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र ने एक और दो जनवरी को पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है, जबकि मैदानी इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि एक जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और कुमाऊं के बागेश्वर में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।

दून में बादलों से घिरा सूरज, पारा 9.6 डिग्री गिरा

साल 2025 के आखिरी दिन बुधवार को दून में बादलों का डेरा रहा और ठंडी हवाएं चलती रहीं। बादलों की वजह से पूरे दिन धूप नहीं निकली और तापमान में 9.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दून में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 23 डिग्री था। बुधवार को तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे में तापमान में 9.6 डिग्री की कमी दर्ज की गई। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, इसी वजह से बादल बने हैं और तापमान में कमी आई है।

मसूरी में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

पहाड़ों की रानी मसूरी में बुधवार को ठंड का प्रकोप बढ़ गया। दोपहर होते-होते आसमान में काले बादल छा गए। इसके साथ ही चली ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। ठंड बढ़ने के कारण माल रोड सहित अन्य प्रमुख पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की चहल-पहल कम रही। कई पर्यटक गर्म कपड़ों की खरीदारी करते दिखे।

तारीखआंकड़े (AQI/संख्या)
30 दिसंबर359
29 दिसंबर341
28 दिसंबर340
27 दिसंबर336
26 दिसंबर308
25 दिसंबर305
,

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।