देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर बड़ा अपडेट, 8 जून तक पुराने रूट से गुजरेंगे वाहन; क्या वजह
Dehradun-Delhi Expressway: देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के लिए जरूरी सूचना है। आज से 8 जून तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। सुरक्षा कारणों से गाड़ियां पुराने रूट से ही जाएंगी।

Dehradun-Delhi Expressway: देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। एनएचएआई ने मानसून से पहले सुरक्षा कार्यों को देखते हुए डाटकाली क्षेत्र में करीब सवा किलोमीटर हिस्से में यातायात व्यवस्था अस्थायी रूप से बदलने का फैसला किया है। यह डायवर्जन शुक्रवार से लागू होकर आठ जून तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान देहरादून से सहारनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को पुराने हाईवे मार्ग से होकर गुजरना होगा, जबकि सहारनपुर से देहरादून आने वाले वाहनों को एक्सप्रेस-वे की दूसरी लेन पर डायवर्ट किया जाएगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के मुताबिक, डाटकाली के पास पहाड़ी ढलानों को मानसून से पहले सुरक्षित बनाने और भूस्खलन के खतरे को कम करने के लिए यह कार्य कराया जा रहा है। इसी वजह से एक्सप्रेस-वे के एक हिस्से में ट्रैफिक मूवमेंट को अस्थायी रूप से बदला गया है।
नया ट्रैफिक प्लान
एनएचएआई के प्रोजेक्ट निदेशक सौरभ सिंह ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर से देहरादून आने वाले वाहनों को एक्सप्रेस-वे की बाईं लेन से दाईं लेन पर शिफ्ट किया जाएगा। करीब सवा किलोमीटर तक वाहन इसी लेन से गुजरेंगे और डाटकाली सुरंग से ठीक पहले उन्हें दोबारा बाईं लेन में लाया जाएगा।
पुराने हाईवे मार्ग पर डायवर्ट होगा ट्रैफिक
वहीं, देहरादून से सहारनपुर की तरफ जाने वाले वाहनों को डाटकाली सुरंग पार करने के बाद पुराने हाईवे मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। वाहन लगभग 1.3 किलोमीटर तक पुराने मार्ग से गुजरेंगे और उसके बाद दोबारा एक्सप्रेस-वे की दाईं लेन पर शामिल हो सकेंगे।
एनएचएआई का कहना है कि निर्माण और सुरक्षा कार्यों के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर 24 घंटे फ्लैगमैन तैनात रहेंगे। साथ ही दिशा-सूचक बोर्ड और सुरक्षा संकेतक भी लगाए जाएंगे ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि इस अवधि में यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलें और निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें। खासकर रात और बारिश के दौरान वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन