उत्तराखंड में CNG रेट दिल्ली और यूपी से महंगे, हर शहर में अलग-अलग कीमत; जानें
ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच उत्तराखंड में सीएनजी के दामों में लूट मची है। गैस कंपनियों की मनमानी के कारण हर शहर के अलग-अलग दाम हैं।

ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच उत्तराखंड में गैस कंपनियों की मनमानी आम लोगों की जेब पर भारी पड़ रही है। राज्य में हर शहर में सीएनजी की कीमतें अलग हैं। कंपनियों की मनमानी के कारण सीएनजी के ग्राहक लुट रहे हैं। देहरादून से हरिद्वार पहुंचते ही सीएनजी 5.50 रुपये तक महंगी मिल रही है। कुमाऊं में भी सीएनजी की कीमत 100 रुपये किलो तक है। कंपनियों ने अपने हिसाब से रेट तय किए हैं।
उत्तराखंड में वर्तमान में करीब 01 लाख वाहन सीएनजी में रजिस्टर्ड हैं। करीब पांच सालों से प्रदेश में सीएनजी मिलनी शुरू हुई है। पूरे देश में 44 कंपनियां सीएनजी-पीएनजी का काम करती हैं। उत्तराखंड में भी गेल इंडिया के अलावा विभिन्न शहरों में अलग-अलग कंपनियां हैं, जिनकी दरें भी अलग हैं।
उत्तराखंड में कितने में मिल रही सीएनजी
देहरादून की बात करें तो यहां सीएनजी 94.50 रुपये किलो है। हरिद्वार, ऋषिकेश में सीएनजी 96.91 से लेकर 100 रुपये किलो, रुड़की में 99 रुपये किलो तक है। इसी प्रकार हल्द्वानी, रुद्रपुर आदि इलाकों में भी सीएनजी 100 रुपये किलो तक बिक रही है। सीएनजी की कीमतों में अंतर से वाहनों के किराए पर भी असर पड़ रहा है। खासकर कमर्शियल वाहन चालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों के साथ बाहरी लोग भी परेशान
उत्तराखंड में सीएनजी का अधिक उपयोग कमर्शियल वाहनों में होता है। वहीं वीकेंड, पर्यटन सीजन और यात्रा के दौरान काफी संख्या में दूसरे राज्यों के सीएनजी वाहन उत्तराखंड पहुंचते हैं। ईंधन की कीमतें अधिक होने से वाहनों का भाड़ा बढ़ जाता है।
पहाड़ी राज्य में मैदान तक ही सीएनजी
उत्तराखंड में सीएनजी लाइन फिलहाल मैदानी क्षेत्रों तक ही है। पहाड़ों में सीएनजी की सप्लाई नहीं के बराबर है। जबकि कंपनियों ने कीमतें पहाड़ी राज्यों का हवाला देकर बढ़ाई हैं। पड़ोसी राज्य हिमाचल की बात करें तो यहां शिमला, सोलन जैसे शहरों तक सीएनजी पहुंच गई है, बावजूद इसके यहां सीएनजी की कीमतें लगभग उत्तराखंड के बराबर ही हैं।
दिल्ली की तुलना में 20 रुपये महंगी सीएनजी
उत्तराखंड में दूसरे राज्यों की तुलना में 10 से 20 फीसदी तक सीएनजी महंगी मिल रही है। दिल्ली में वर्तमान में सीएनजी की कीमत 80.09 रुपये किलो है। यूपी के गाजियाबाद और नोएडा में 88.70 रुपये किलो मिल रही है। जबकि उत्तराखंड में 94.50 रुपये से 100 रुपये किलो तक कीमतें हैं। दिल्ली की तुलना में उत्तराखंड में सीएनजी 20 रुपये तक महंगी है।
वैट कम होने के बाद भी रेट ज्यादा
उत्तराखंड में सीएनजी पर पांच फीसदी वैट (वैल्यू एडेड टैक्स) है, जबकि यूपी में यही टैक्स 12 फीसदी तक है, बावजूद इसके यूपी में सीएनजी की कीमतें उत्तराखंड से कम हैं। दिल्ली में सीएनजी पर सरकार किसी भी प्रकार का वैट नहीं लेती। तेल कंपनियों का दावा है कि पूरे देश में ज्यादा कीमतों वाले राज्यों में उत्तराखंड शामिल है।
रिपोर्ट- ठाकुर सिंह नेगी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन