फांसी की मांग कर रहे एंजेल के पिता से क्या बोले CM? फरार नेपाली पर दी ये जानकारी
धामी ने फोन पर बातचीत में कहा - किसी भी माता-पिता के लिए इससे ज्यादा दर्दनाक क्या हो सकता है? हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात की। धामी ने उन्हें आश्वसन दिया कि हम इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेंगे। धामी ने फोन पर बातचीत में कहा - किसी भी माता-पिता के लिए इससे ज्यादा दर्दनाक क्या हो सकता है? हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। मैंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा से भी बात की। गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, सभी ने इस बारे में बात की है।'
सीएम ने एंजेल के पिता को बताया कि उत्तरखंड में ऐसी घटनाएं नहीं होती हैं। यहां इस तरह का माहौल नहीं है। हम इस मुश्किल घड़ी में आपके साथ हैं। हम यहां से हर संभव मदद करेंगे। यह एक बेहद दुखद घटना है। इससे सभी बहुत दुखी हैं। एक व्यक्ति नेपाल का था, वह फरार है। हमने उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा की है और उसे पकड़ने के लिए एक टीम भेजी है।'
बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के जवान तरुण प्रसाद चकमा ने इससे पहले एक ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि आरोपियों को मौत की सजा मिलनी चाहिए। उन्हें फांसी दी जानी चाहिए।'
आपको बता दें कि राजधानी देहरादून में त्रिपुरा के एंजेल चकमा पर 9 दिसंबर की शाम को चाकू से हमला हुआ था। एंजेल छोटे भाई माइकल संग शॉपिंग के लिए निकला था मगर इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी करने लगे। जब दोनों भाइयों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनपर चाकू और कड़े से हमला कर दिया।

आरोपियों ने सबसे पहले कड़े से माइकल के सिर पर चोट पहुंचाई और इसके बाद जब एंजेल बीच-बचाव करने आया तो उसपर चाकू से पेट और सिर पर वार किए गए। गंभीर रूप से घायल एंजेल को अस्पताल ले जाया गया जहां 17 दिन बाद उसने दम तोड़ दिया।
धामी ने रविवार को हत्याकांड पर कहा था कि इस तरह की कोई भी घटना प्रदेश में स्वीकार्य नहीं है। सरकार अराजक तत्वों से सख्ती से निपटेगी। इस तरह की घटनाओं में संलिप्त रहने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन