अफवाह फैलाई वो भाजपा में थे; कांग्रेस जॉइन करने वाले नेताओं पर उत्तराखंड CM धामी का दावा
उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दावा किया कि हाल ही में जो नेता कांग्रेस जॉइन किए, वो भाजपा में नहीं थे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ये नेता पिछले चुनाव में हमारी ही पार्टी के खिलाफ लड़े तो पार्टी के कैसे हुए?

उत्तराखंड से भाजपा के 6 नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की खबरों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान आया है। उन्होंने एक टीवी चैनल से बातचीत में दावा किया कि जो नेता कांग्रेस में शामिल हुए... वे भाजपा में थे ही नहीं। यही अफवाह फैलाकर ऐसा दिखाने की कोशिश की जा रही है कि उत्तराखंड में भाजपा कमजोर हो रही है। जबकि सच्चाई इसके उलट है।
आजतक के एक कार्यक्रम से बातचीत में सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि यही तो भ्रम है। कोई भाजपा का नहीं है। अब सुनिए... एक भी भाजपा का सदस्य नहीं गया। इनमें से जो लोग गए हैं... सितारगंज से पूर्व विधायक हैं। वो बसपा में थे पहले। पिछली बार कांग्रेस से टिकट मांग रहे थे, नहीं मिला। अब उन्हीं के साथ चल दिए हैं। दूसरे रुद्रपुर से हैं। वो भाजपा से चुनकर आए थे 2012 में भी और 2017 में भी। 2022 में हमारी पार्टी ने किसी और कैंडिडेट को चुना। वो इस समय वहां के विधायक हैं।
जो हमारे ही खिलाफ चुनाव लड़े, भाजपा के कैसे हुए
धामी ने आगे कहा कि वो उनके खिलाफ ही चुनाव लड़ गए। वो अपने आप ही पार्टी से बाहर हो गए। एक गए टिहरी जनपद के घनसाली से...। वो हमारी पार्टी भाजपा से 2012 में चुने गए थे घनसाली की महान जनता के आशीर्वाद से। वो 2013 या 2014 में ही पार्टी छोड़कर चले गए थे। कोई भी भाजपा का नहीं था। जो लोग भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हों... वो भाजपा के कैसे हो सकते हैं? मैं औरों के बारे में बता सकता हूं, लेकिन अच्छा नहीं लगेगा। आप पोस्टमार्टम मत करिए। इतने में समझ जाइए कि मैं ऑन द रिकॉर्ड कह रहा हूं कि वे पार्टी के थे ही नहीं। और सबसे बड़ी बात यह है कि अगर दिल्ली तक यह बात पहुंचाई गई कि भाजपा के 5 दिग्गज नेता कांग्रेस में शामिल हुए... तो सोचिए कि किस तरह की अफवाह चल रही हैं। उत्तराखंड राष्ट्रवादी लोगों का राज्य है।
भाजपा लगातार मजबूत हो रही
पुष्कर धामी बोले, “सबसे बड़ा सवाल यह है कि जो कभी भाजपा के थे ही नहीं, उन्हें कैसे भाजपा का कहकर प्रचारित किया गया? क्या ये लोग सिर्फ अफवाह की राजनीति करना चाहते हैं। क्या कुछ लोग यह दिखाना चाहते हैं कि भाजपा कमजोर हो रही है... नहीं ऐसा नहीं है। भाजपा लगातार मजबूत हो रही है।”
गौरतलब है कि बीते दिनों रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, घनसाली से पूर्व विधायक भीमलाल आर्य और सितारगंज से पूर्व विधायक नारायण पाल, नैनीताल के लाखन सिंह, शामिल हैं। इसके अलावा रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल और मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन