केदारनाथ के लिए हेली सेवा का किराया तय, इस रूट पर 2500 रुपए से ज्यादा बचेंगे
Kedarnath Heli Service: केदारनाथ हेली सेवा के लिए किराया जारी कर दिया है। धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे हैं। हेलिकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचने के लिए तीन रूट हैं। सिरसी रूट से एक यात्री के 2750 रुपए तक बचेंगे।

Kedarnath Heli Service: 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा का आगाज हो रहा है। इसके तहत केदारनाथ धाम के लिए हेली शटल सेवा के किराये की दरें जारी कर दी गई हैं। केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने किराये की घोषणा करते हुए बताया कि बुकिंग की तिथि जल्द जारी कर दी जाएगी। इस बार सिर्फ फाटा से केदारनाथ के लिए किराए में बढ़ोत्तरी की गई है। जबकि एक रूट पर एक यात्री के 2500 रुपए से ज्यादा बचेंगे।
यूकाडा द्वारा घोषित दरों के अनुसार, इस वर्ष गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए आने-जाने के लिए प्रति यात्री को कुल 12,154 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, फाटा से केदारनाथ धाम के लिए 9,680 रुपये व सिरसी से 6,086 रुपये किराया तय किया गया है। इस पर जीएसटी और आईआरसीटीसी पोर्टल का ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुल्क भी देना होगा।
पिछले साल से कितना फायदा
पिछले साल की बात करें तो गुप्तकाशी के पहले किराया 12444 रुपए चुकाने पड़ते थे। इस साल 290 रुपए कम पड़ेंगे। वहीं, फाटा में पिछले साल 8842 रुपए किराया लगता था। इस साल 838 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। वहीं, सिरसी से केदारनाथ के लिए किराया पिछले साल 8839 रुपए देना पड़ता था। इस साल इस रूट पर 2753 रुपए कम चुकाने होंगे।
आठ कंपनियों को ठेका
आठ कंपनियों का चयन:प्रशासन ने यात्रा को सुगम-सुरक्षित बनाने को इस बार कुल आठ हेली कंपनियों का चयन किया है। इन कंपनियों को तीन प्रमुख सेक्टरों-गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी में विभाजित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को अलग-अलग पड़ावों से उड़ान भरने का विकल्प मिल सके।
इस तरह यात्री स्लॉट बुक करें
सीईओ यूकाडा डॉ.आशीष चौहान ने बताया कि गुप्तकाशी में दो, फाटा में चार और सिरसी में दो ऑपरेटर सेवाएं देंगे। सभी ऑपरेटरों को सुरक्षा मानक कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए हैं। बुकिंग की तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी₹। इसके बाद आईआरसीटीसी के पोर्टल heliyatra.irctc.co.in पर यात्री स्लॉट बुक कर सकेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन