यात्रियों की सेवा और दुष्टों को दंड; CM पुष्कर धामी बोले- चारधाम सुरक्षा-सुविधा में न रहे कोई कसर
सीएम पुष्कर धामी ने अधिकारियों संग फिर चारधाम सुख-सुविधा को लेकर बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर यात्री राज्य का एंबेसडर है। यात्रियों की सेवा और दुष्टों को दंड का संकल्प भी लिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार धाम यात्रा से जुड़े विभागों को 24 घंटे तत्पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं और उनकी सुरक्षा में कोई कसर नहीं रहनी चाहिए। अधिकारियों के साथ मंगलवार को यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा पर आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। यात्रा के दौरान उन्हें कोई भी परेशानी नहीं होनी चाहिए। चारधाम यात्रा राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह एक आध्यात्मिक यात्रा के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार भी है।
चारधाम आने वाला हर यात्री राज्य का एंबेसडर
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम आने वाला हर यात्री देश में राज्य का एंबेसडर भी होता है। इसलिए,यात्रा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी यात्रा की व्यवस्थाओं और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को व्यक्तिगत दायित्व की तरह निभाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग पर यात्रियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को चौबीस घंटे अलर्ट पर रखा जाए।
यात्रियों की सेवा और दुष्टों को दंड भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान अनावश्यक हुड़दंग करने वालों से भी सख्ती से निपटा जाए। कई बार यात्री के वेश अराजक तत्व भी आ जाते हैं। ऐसे तत्वों पर कड़ी निगाह रखने और सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
अब तक 20 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
चारधाम और हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए अब तक 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। यमुनोत्री के लिए 350859, गंगोत्री के लिए 361243, केदारनाथ के लिए 722966 और बदरीनाथ के लिए 609339 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पर्यटन विभाग के मंगलवार तक के रजिस्ट्रेशन के आंकड़ों के अनुसार हेमकुंड साहिब के लिए 21 हजार 867 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
केदारनाथ धाम में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाए
केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। धाम की संवेदनशीलता को देखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है। मंगलवार को बिना अनुमति धाम में ड्रोन उड़ाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए दो ड्रोन जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार केदारनाथ धाम में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान कुछ व्यक्तियों को बिना प्रशासनिक अनुमति के ड्रोन उड़ाते हुए पाया गया। इस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के दो ड्रोन जब्त कर लिए।/
पुलिस ने लिया सख्त ऐक्शन
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ धाम अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है, जहां सुरक्षा कारणों से बिना पूर्व अनुमति ड्रोन कैमरा उड़ाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में लगातार कार्यवाही की जा रही है और आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे धाम की मर्यादा और सुरक्षा नियमों का पालन करें। बिना जिला प्रशासन की लिखित अनुमति के ड्रोन का प्रयोग न करें और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर उपकरण जब्त करने के साथ ही विधिक कार्यवाही भी की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन