चारधाम यात्रा का काउंटडाउन शुरू, पहले सफर की लॉटरी किसके नाम निकली
उत्तराखंड चारधाम यात्रा का काउंटडाउन शुरू हो गया है। यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है। गुरुवार को समिति की तरफ से पहले सफर की लॉटरी निकाली गई।

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस साल 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। यात्रा को लेकर प्रशासन और समितियां पूरी तैयारी में जुटी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। गुरुवार को लॉटरी के लिए पहले सफर की गाड़ियों का चयन किया गया।
यात्रियों की सुविधा के लिए इस बार करीब 2200 वाहनों को यात्रा के लिए तैयार किया गया है। इनमें से 1875 वाहनों का चयन गुरुवार को लॉटरी के जरिए किया गया। यह प्रक्रिया संयुक्त यात्रा बस अड्डा परिसर के एक होटल में पूरी की गई।
पहले सफर की लॉटरी किसे मिली
कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद समिति के अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज ने मटके से पहली पर्ची निकालकर यात्रा की शुरुआत की। पहली पर्ची में जीएमसीसी कंपनी की बस का नंबर निकला। इस बस के मालिक अजय बधानी हैं, जिन्हें इस साल चारधाम यात्रा की पहली बस चलाने का मौका मिला।
लॉटरी के अनुसार पहली पांच बसों में जीएमसीसी के बाद जीएमओ के संदीप बिष्ट, टीजीएमओ के लोकेश सेमवाल, टीजीएमओ के आकाश धनै और जीएमओयू के रामेंद्र सिंह नेगी की बसें शामिल हैं। गौरतलब है कि हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा में शामिल होते हैं और इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।
60 वर्ष से ऊपर के यात्रियों की अनिवार्य स्वास्थ्य जांच
मुख्य सचिवआनंद बर्द्धन ने चारधाम यात्रा में आने वाले 60 वर्ष से अधिक आयु के यात्रियों की अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य जांच करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को केदारनाथ और बदरीनाथ में रोटेशन पर चिकित्सक तैनात करने तथा 60 वर्ष से अधिक श्रद्धालुओं की अनिवार्य जांच के निर्देश दिए गए। सड़क, बिजली, पेयजल और हेली सेवाओं को सुचारू रखने पर भी जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने जाम और लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर पुलिस बल तैनात करने, बड़े होल्डिंग एरिया विकसित करने और यात्रियों के लिए भोजन व ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ‘सचेत ऐप’ डाउनलोड अनिवार्य करने, एसएमएस और वॉट्सएप के जरिए सूचनाएं देने के निर्देश दिए। आपदा प्रबंधन विभाग को आपात स्थिति में हेली सेवा का प्रबंध रखने को भी कहा।
सुरक्षित यात्रा को पूरा सहयोग देगा एनडीएमए
देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को आपदा-मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने संयुक्त रूप से एक विस्तृत टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एनडीएमए के सदस्य कृष्णा एस वत्स राज्य को हर संभव तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग दिया जाएगा। वहीं, आपदा प्रबंधन में एआई और मशीन लर्निंग का उपयोग बढ़ाने और इस क्षेत्र में स्टार्टअप्स को मौका देने का सुझाव दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन