Badrinath Kedarnath New hospitals starts ECG Test For Pilgrims before Chardham yatra Heli Ambulance Facility बदरीनाथ-केदारनाथ में दो नए अस्पताल, चारधाम यात्रियों की होगी ECG जांच; हेली एंबुलेंस भी, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

बदरीनाथ-केदारनाथ में दो नए अस्पताल, चारधाम यात्रियों की होगी ECG जांच; हेली एंबुलेंस भी

Chardham Yatra: चारधाम यात्रा से पहले तैयारियां तेज हैं। बदरीनाथ-केदारनाथ में दो नए अस्पताल खोले गए हैं। चारधाम यात्रा से पहले 50 से ऊपर उम्र के यात्रियों की ईसीजी जांच कराई जाएगी। हेली एंबुलेंस की भी सुविधा है।

Wed, 8 April 2026 09:51 AMGaurav Kala देहरादून/गढ़वाल
share
बदरीनाथ-केदारनाथ में दो नए अस्पताल, चारधाम यात्रियों की होगी ECG जांच; हेली एंबुलेंस भी

Chardham Yatra: उत्तराखंड की पुष्कर धामी सरकार ने चारधाम यात्रा से पहले तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि भारी बर्फबारी के कारण रास्ता खोलने में दिक्कते आ रही हैं। चारधाम आने वाले यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने चारधाम यात्रा पर आने वाले 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले श्रद्धालुओं की ईसीजी जांच कराई जाएगी। इसके लिए यात्रा रूट के कुछ अस्पतालों में ईसीजी मशीनें लगाई जाएंगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए हेली एंबुलेंस की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।

विधानसभा में हुई स्वास्थ्य विभाग की बैठक में विभागीय मंत्री ने चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उनियाल ने कहा कि यात्रा मार्ग पर तैनात सभी एंबुलेंसों की फिटनेस जांच पहले ही करा ली जाए। साथ ही सभी उपकरण परख लिए जाएं। उन्होंने गंभीर मरीजों को ध्यान में रखते हुए हेली एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ जरूरी तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस बार बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में दो नए अस्पतालों का संचालन शुरू किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा रूट के अस्पतालों में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चारधाम यात्रा से पहले कर लें तैयारियां, लगातार बर्फबारी से बढ़ने वाली है मुश्किल

यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

आगामी चारधाम यात्रा को निर्बाध और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने कमर कस ली है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने स्पष्ट किया है कि भूस्खलन या किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक विस्तृत सेफ प्लान तैयार किया जा रहा है। इस प्लान की तैयारियों को जांचने के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समन्वय से आगामी 10 अप्रैल को सात प्रमुख जिलों में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्तान से बातचीत में कौशिक ने बताया कि सरकार ने यात्रा मार्ग पर जोखिम कम करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सभी महत्वपूर्ण संसाधनों और जोखिम वाले क्षेत्रों की जीआईएस मैपिंग अनिवार्य रूप से की जा रही है, ताकि आपदा के समय त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। इसके साथ ही, यात्रियों को समय रहते मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक प्रभावी अलर्ट प्रणाली विकसित की जा रही है। किसी भी आकस्मिक स्थिति में यदि यात्रियों को रास्ते में ही रोकना पड़े, तो उसके लिए होटल और धर्मशालाओं की कुल क्षमता का आकलन किया जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गैर सनातनी, रील और...; 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा के नियम जान लीजिए

यात्रा शुरू होने से हफ्तेभर पहले तैनात होगी फोर्स

चारधाम यात्रा का 19 अप्रैल से श्रीगणेश होने जा रहा है। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था की चाक-चौबंद तैयारियां कर ली है। इस बार एक बड़ा बदलाव करते हुए पुलिसकर्मियों को यात्रा शुरू होने से ठीक एक सप्ताह पहले ही उनके तैनाती स्थलों पर भेज दिया जाएगा। सोमवार को मामले की आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्लान तैयार हो गया। इस बार हमने तय किया है कि यात्रा मार्गों और चारों धामों में ड्यूटियों पर जाने वाले पुलिस बल को यात्रा शुरू होने के एक सप्ताह पहले ही रवाना कर दिया जाएगा। जवानों को समय से पहले भेजने का मुख्य उद्देश्य उन्हें उनके आसपास की परिस्थितियों से पूरी तरह रूबरू कराना है। वे अपने ड्यूटी प्वाइंट, वहां के रास्तों, आपातकालीन निकासी मार्गों और स्थानीय लोगों से परिचित हो सकेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऋषिकेश में गंगा किनारे उतरा सी प्लेन, चारधाम यात्रा से पहले बड़ा मुकाम; वीडियो

बर्फबारी और लैंडस्लाइड जोन चुनौती

केदारनाथ और बदरीनाथ धाम लगातार बर्फबारी हो रही है। जिसे काटकर रास्ते तैयार किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए वहां तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों को विशेष स्नो-किट और ठंड से बचाव के उपकरण मुहैया कराए जा रहे हैं यात्रा मार्गों पर चिन्हित डेंजर और लैंडस्लाइड जोन के लिए भी प्लान तैयार किया गया है। बारिश या भूस्खलन के कारण रास्ता बंद होने की स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील स्थानों के पास ही जेसीबी और पोकलैंड मशीनें स्टैंडबाय पर रखी जा रही हैं।

यात्रा मार्गों की सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

चारधाम यात्रा को लेकर मुनिकीरेती क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर पुलिस का फोकस रहेगा। यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। भूस्खलन की स्थिति में बंद सड़कों को खोलने के लिए भारी मशीनें (जेसीबी, पाकलैंड) तैयार रखी जाएंगी। आपरेटरों के नंबर थाने व जिला कंट्रोल रूम में भी होंगे। टिहरी जिले की नवनियुक्त एसएसपी श्वेता चौबे ने मंगलवार को चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर मुनिकीरेती क्षेत्र का निरीक्षण किया। यह क्षेत्र ट्रैफिक जाम से अधिक प्रभावित रहता है। एसएसपी ने सुरक्षा-यातायात व्यवस्था पर फोकस कर विभागों से समन्वय के निर्देश दिए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।