Champawat Fake Gangrape Minor Found Tied and Unclothed at Home Bizarre Revenge Conspiracy बदले की आग में घिनौना कांड; निर्वस्त्र और बंधी मिली थी किशोरी; चंपावत में गैंगरेप की कहानी फर्जी निकली, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

बदले की आग में घिनौना कांड; निर्वस्त्र और बंधी मिली थी किशोरी; चंपावत में गैंगरेप की कहानी फर्जी निकली

Champawat Fake Gangrape: चंपावत में 16 साल की किशोरी से गैंगरेप की घटना फर्जी निकली। पुलिस ने दावा किया है कि यह पूरा कांड भाजपा नेता से बदला लेने के लिए किया गया था। 

Fri, 8 May 2026 09:04 AMGaurav Kala चंपावत
share
बदले की आग में घिनौना कांड; निर्वस्त्र और बंधी मिली थी किशोरी; चंपावत में गैंगरेप की कहानी फर्जी निकली

Champawat Fake Gangrape: उत्तराखंड के चंपावत में 16 साल की किशोरी से गैंगरेप की घटना सामने आई थी। इसमें पुलिस ने पीड़िता के पिता के बयान के आधार पर भाजपा नेता और अग्निवीर समेत 3 लोगों के खिलाफ केस किया था। पीड़ित पक्ष की कहानी के मुताबिक, बच्ची निर्वस्त्र और बंधी अवस्था में एक घर से मिली थी। अब इस पूरे कांड पर पुलिस ने खुलासा किया है कि गैंगरेप की घटना फर्जी थी और यह बदले की भावना के लिए रची गई। पीड़िता ने खुद कोर्ट में गैंगरेप की घटना से इनकार किया है।

चंपावत में पुलिस ने किशोरी से कथित गैंगरेप की घटना को फर्जी बताया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इसे बदले की भावना से रचा गया षड्यंत्र करार दिया है। एसपी रेखा यादव का दावा है कि यह साजिश पूर्व बीडीसी सदस्य कमल रावत ने रची थी। कमल ने पीड़िता को पिता का उपचार कराने व अन्य प्रलोभन दिए थे। इस मामले में कांग्रेस की भी फजीहत हुई है। कांग्रेस ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया था। कांग्रेसी दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, चंपावत के सल्ली गांव में बुधवार को कथित गैंगरेप का मामला सामने आया था। कथित तौर पर एक 16 वर्षीय किशोरी सुनसान घर में निर्वस्त्र मिली थी। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। मामले में पुलिस ने भाजपा नेता समेत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। घटना को लेकर पूरे प्रदेश में गुरुवार को प्रदर्शन हुए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चंपावत दुष्कर्म केस: पिता ने रची 16 साल की बेटी के गैंगरेप की झूठी कहानी

पुलिस का खुलासा

इसी बीच गुरुवार देर शाम एसपी रेखा यादव ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि यह घटना साजिश थी। तीनों आरोपी घटनास्थल पर नहीं गए थे। पूर्व भाजपा नेता कमल उनसे रंजिश रखता था और उन्हें फंसाने के लिए यह साजिश रची थी। सीसीटीवी, सीडीआर, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य जांच में गैंगरेप के दावे संदिग्ध मिले।

पीड़िता ने मजिस्ट्रेट के सामने कबूला

एसपी ने कहा कि पीड़िता ने मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान में कहा कि आरोपियों की प्रकरण में संलिप्तता नहीं है। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने पत्रकार वार्ता के दौरान पीड़िता के शरीर में किसी तरह के बाहरी या अंदरूनी चोट के निशान नहीं होने का दावा किया। दावा किया कि मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:साइबर क्राइम बढ़ा, महिला अपराध घटा; उत्तराखंड पर NCRB की रिपोर्ट

कमल को कोर्ट परिसर से उठाया

चम्पावत। सल्ली के पूर्व बीडीसी सदस्य कमल रावत को पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट परिसर से उठा लिया। अधिवक्ताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

पुलिस ऐक्शन से भड़के अधिवक्ता

चम्पावत बार संघ के पूर्व अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट ने बताया कि गुरुवार को पुलिस ने पूर्व बीडीसी सदस्य कमल रावत को जिला न्यायालय परिसर से जबरन उठाया। मामले को लेकर उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि कमल रावत सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की मदद कर रहा है। रिपोर्ट दर्ज करने में देरी को लेकर कमल रावत ने बीते दिन सोशल मीडिया में सवाल उठाए थे।

उन्होंने बताया कि गुरुवार दोपहर को कमल रावत जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं से बात कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस की टीम ने कोर्ट परिसर से कमल रावत को जबरन उठा लिया। उन्होंने घटना को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन करार दिया। बाद में अधिवक्ताओं ने इस संबंध में जिला एवं सत्र न्यायाधीश को पत्र दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रेकेट, 5 महिलाएं छुड़ाई गईं

कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

कथित गैंगरेप प्रकरण में गुरुवार देर शाम पुलिस के खुलासे से पहले चम्पावत में दिनभर घमासान मचा रहा। कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया। एसपी से भी मिले। वहीं भाजपा दफ्तर के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोला। कहा कि प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देवभूमि एक बार फिर शर्मसार हुई है। कहा कि अंकिता भंडारी को तीन साल बाद भी न्याय नहीं मिला। विधानसभा चंपावत में 16 वर्षीय बेटी के साथ घटना हुई है। उन्होंने कहा कि सत्ता से जुड़े लोगों के नाम लगातार गंभीर अपराधों में सामने आना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर बढ़ते अपराध से कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

गोदियाल ने भाजपा सरकार को घेरा

कांग्रेस ने चंपावत में कथित दुष्कर्म मामले में भाजपा को घेरा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ सिर्फ चुनावी जुमला रह गया है। उन्होंने कहा कि 16 वर्षीय नाबालिग के साथ हथियारों की नोक पर हुई कथित दुष्कर्म की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। इस घटना ने देवभूमि की अस्मिता को कलंकित किया है। प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर शुक्रवार आठ मई को प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन होंगे।

शर्मनाक रवैये के लिए माफी मांगे कांग्रेस: भट्ट

भाजपा ने चंपावत की घटना को लेकर कांग्रेस पर राजनैतिक दुर्भावना से झूठ फैलाने का आरोप लगाया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जिस तरह बिना किसी जांच और सबूत के इस संवेदनशील घटना में पार्टी कार्यकर्ता को मुजरिम साबित करने की कोशिश की गई वह शर्मनाक है। इससे पूर्व अरविंद पांडेय प्रकरण में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने झूठ फैलाने की कोशिश की।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।