एंजेल चकमा हत्याकांड की जांच करेगी SIT, सजा देने की मांग; त्रिपुरा CM को मिला भरोसा
एंजेल चकमा हत्याकांड की जांच उत्तराखंड पुलिस की एसआईटी करेगी। इस बीच पुलिस ने साफ किया कि अब तक की जांच में नस्लीय दुर्व्यवहार या साजिश का कोई सबूत नहीं मिला है। पुलिस मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के करीब है।

एंजेल चकमा हत्याकांड में देहरादून पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी बना दी है। एसएसपी अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में नस्लीय दुर्व्यवहार या साजिश का कोई सबूत नहीं मिला है। घटना आपसी विवाद के कारण आवेश में हुई थी। पुलिस मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी की गिरफ्तारी के बहुत करीब है। उस पर इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। 6 में से 5 आरोपियों को पहले ही पकड़ा जा चुका है।
कड़ी सजा देने की मांग
इस बीच एंजेल चकमा के परिजनों ने आरोपियों को फांसी या कम से कम आजीवन कारावास की सजा देने की मांग की है। त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के मचमारा का रहने वाला एंजेल चकमा (24) अगरतला के होली क्रॉस स्कूल से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद एमबीए करने के लिए देहरादून गया था। देहरादून के एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी में एमबीए अंतिम साल के छात्र एंजेल चकमा पर 9 दिसंबर को कुछ युवकों ने चाकू से कथित तौर पर हमला किया था।
नेपाल जाना चाहता था एंजेल
17 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद चकमा की 26 दिसंबर को मृत्यु हो गई थी। उसके मामा मोमेन चकमा ने कहा कि एंजेल नेपाल जाकर हिमपात देखना चाहता था। उसने नेपाल यात्रा के लिए खास जूते मंगवाए थे। ये जूते आ गए हैं, लेकिन एंजेल इन्हें देख भी नहीं पाया क्योंकि तब तक वह आईसीयू में भर्ती हो चुका था। मैं उसकी अधूरी और आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए ये जूते लेकर नेपाल जाऊंगा।
पीठ में चाकू मारा, गर्दन तोड़ी
एंजेल के मामा ने कहा कि हमलावरों ने बेरहमी से उसकी पीठ में 2 बार चाकू मारा और उसकी गर्दन तोड़ दी थी। एंजेल अपने अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा के बाद एक कंपनी में नौकरी करने वाला था। उसने पहले साल में 80 फीसदी अंक लाए थे। उसे प्लेसमेंट के जरिये यह प्रस्ताव मिला था। एंजेल ने अपने पिता तरुण प्रसाद चकमा (मणिपुर में तैनात बीएसएफ जवान) से कहा था कि उसे नौकरी मिलते ही वह स्वैच्छिक रिटायरमेंट ले लें।

त्रिपुरा सीएम ने की मुख्यमंत्री धामी से बात
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि उन्होंने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से बात की है। धामी ने उन्हें भरोसा दिया है कि सरकार एंजेल चकमा की हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। इस बीच त्रिपुरा के दो मंत्रियों ने उनाकोटि जिले के मचमारा स्थित एंजेल चकमा के घर का दौरा किया। दोनों मंत्रियों ने पीड़ित परिवार को 9.12 लाख रुपये के चेक सौंपे। यह आर्थिक सहायता उत्तराखंड और त्रिपुरा सरकारों की ओर से प्रदान की गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन