12 RDX Planted in Judge Chamber Bomb Threat in Nainital and Uttarkashi Court Triggers Panic नैनीताल समेत दो अदालतों को RDX से उड़ाने की धमकी, ‘पाक ISI’ के नाम से ई-मेल के बाद हड़कंप, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

नैनीताल समेत दो अदालतों को RDX से उड़ाने की धमकी, ‘पाक ISI’ के नाम से ई-मेल के बाद हड़कंप

सोमवार सुबह नैनीताल और उत्तरकाशी जिला अदालतों को बम से उड़ाने से धमकी भरा ई-मेल मिला है। मेल पर लिखा है- जज के चैंबर में 12 आरडीएक्स रखे हैं, तमिलनाडु में EWS रिजर्वेशन रोक दो।

Mon, 16 Feb 2026 01:42 PMGaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, नैनीताल/उत्तरकाशी
share
नैनीताल समेत दो अदालतों को RDX से उड़ाने की धमकी, ‘पाक ISI’ के नाम से ई-मेल के बाद हड़कंप

उत्तराखंड में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब नैनीताल और उत्तरकाशी जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और दोनों कोर्ट परिसरों को खाली कराया गया। धमकी भरे ई-मेल में कहा गया है कि जज के चैंबर में 12 आरडीएक्स रखे हैं। तमिलनाडु में EWS रिजर्वेशन लागू करने से रोको…। धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले ने कथित तौर पर खुद को ‘पाक आईएसआई’ बताया है।

सोमवार सुबह नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जानकारी के मुताबिक, ऑल इंडिया जजेज एसोसिएशन के ई-मेल आईडी पर भेजे गए संदेश में कोर्ट परिसर में आरडीएक्स लगाए जाने का दावा किया गया था। धमकी की सूचना मिलते ही अधिवक्ता अपने चेंबरों से बाहर निकल आए और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लव, धर्मांतरण और 8 महीने कैद; सोहेल संग निकली युवती बिजनौर में बदहवाश मिली
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में संदिग्धों और घुसपैठियों की अब नहीं खैर; चलेगा स्पेशल खोजबीन अभियान
ये भी पढ़ें:पौड़ी में पंचायतों ने पसीने से सींचा 10 हेक्टेयर जंगल, 12 सूखे जलस्रोत फिर जीवित

12 आरडीएक्स लगाने की धमकी

धमकी भरे ई-मेल पर दावा किया गया है कि जज के चैंबर में 12 आरडीएक्स रखे हैं, जो जल्द फटने वाले हैं। तमिलनाडु में EWS रिजर्वेशन लागू होने से रोकें… । धमकी भेजने वाले ने ई-मेल में अपना नाम LTTE-Pakistan ISI बताया है।

नैनीताल जिला जज की आधिकारिक मेल पर आई आरडीएक्स बम की धमकी के बाद इसकी आंच हल्द्वानी सिविल कोर्ट तक पहुंची है। नैनीताल से लेकर हल्द्वानी और रामनगर में भी धमकी भरे ई मेल के बाद दहशत फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल हल्द्वानी और नैनीताल न्यायालय भवन खाली कराया गया। हालांकि सभी परिसर में एकत्र हो गए।

बार एसोसिएशन हल्द्वानी के अध्यक्ष किशोर कुमार पंत ने बताया कि करीब पौने बारह के आसपास एसएसपी को मामले की जानकारी दी। 700 से अधिक अधिवक्ता यहां रोज मौजूद रहते हैं। लोग मुख्य हाइवे तक पहुंच गए। एसपी सिटी मनोज कत्याल मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। इस मामले के बाद कई सुनवाई कुछ घंटों के लिए टल गई। फिलहाल मौके पर पुलिस मौजूद है और अधिवक्ता भी अपनी चेंबर में बैठने लग गए हैं। लेकिन 1 घंटे से अधिक का समय गुजारने के बाद भी बम निरोधक दस्ता मौके पर नहीं पहुंच सका है।

उत्तरकाशी कोर्ट परिसर भी कराया गया खाली

इसी तरह उत्तरकाशी जिला न्यायालय में भी बम होने की सूचना मिलने पर प्रशासन ने एहतियातन पूरा परिसर खाली करा दिया। जिला जज की सूचना पर पुलिस, फायर सर्विस और खुफिया एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

उधर, पुलिस ई-मेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदेश कहां से भेजा गया। फिलहाल दोनों अदालत परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।