जहर खाकर युवक ने इंस्टाग्राम पर लिखा गुड बॉय, अलर्ट मिलते ही दौड़ी पुलिस, 10 मिनट में बचाई जान
कासगंज में एक युवक ने जहर खा लिया और वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाल दिया। वीडियो पड़ते ही पुलिस को मेटा अलर्ट मिला। इस पर पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और 10 मिनट के अंदर युवक की लोकेशन पर पहुंच गई।

Kasganj News: यूपी के कासगंज में एक युवक ने जहर खा लिया और वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाल दिया। वीडियो पड़ते ही पुलिस को मेटा अलर्ट मिला। इस पर पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और 10 मिनट के अंदर युवक की लोकेशन पर पहुंच गई। जिससे युवक की जान बचाई जा सकी। दरअसल पत्नी के मायके से नहीं आने से एक युवक अवसाद में आ गया था। युवक ने आत्महत्या करने की ठान ली थी। इसलिए उसने कीटनाशक दवा पीते हुए वीडियो बनाई और गुड बॉय लिखकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिख दिया। इस पोस्ट के अपलोड होते ही मेटा सक्रिया हुआ और पुलिस के यूपी मुख्यालय पर ई-मेल से अलर्ट भेजा गया। मैसेज अलर्ट मिलते ही पुलिस तेजी से काम शुरू कर दिया। डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर एसपी कासगंज को अलर्ट किया गया।
एसपी ओपी सिंह ने बताया कि, शनिवार तड़के थाना कासगंज कोतवाली क्षेत्र के निवासी 25 वर्षीय युवक द्वारा एक शीशी से कीटनाशक दवा पीते हुए व गुड बाय यह टेक्स्ट लिखकर, इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया गया। पोस्ट के संबंध में तड़के 03:18 बजे पर मेटा कंपनी की तरफ से मुख्यालय पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेन्टर को ई-मेल के ज़रिए अलर्ट प्राप्त हुआ। पुलिस महानिदेशक की ओर से तत्काल कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। अलर्ट में उपलब्ध कराये गये मोबाइल नम्बर के आधार पर तत्काल युवक की लोकेशन की जानकारी करके जनपद कासगंज को प्रकरण से अवगत कराया गया।
युवक के हाथ में मिली थी शीशी
सीओ सिटी आंचल चौहान ने बताया कि, उपलब्ध कराई गई सूचना एवं लोकेशन पर थाना कासगंज के उप निरीक्षक पुलिस कर्मियों के साथ मात्र 10 मिनट के अन्तराल में युवक के घर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों द्वारा तत्काल परिजनों को युवक द्वारा किए गए पोस्ट की जानकारी देते हुए युवक के कमरे में पहुंचे तो देखा कि युवक के हाथ में एक शीशी है और वह अपने गले को बार-बार पकड़ रहा था एवं जोर जोर से खांस रहा था। पुलिसकर्मियों द्वारा परिजनों के सहयोग से युवक को तत्काल नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सक द्वारा युवक का उपचार कर के उसको घर भेज दिया गया।
प्राइवेट अस्पताल में काम करता है युवक
उन्होने बताया कि, युवक के सामान्य होने के उपरांत पुलिसकर्मियों द्वारा की गई पूछताछ में उसके द्वारा बताया कि वह एक प्राइवेट अस्पताल में काम करता है। युवक की पत्नी करीब छः माह से अपने मायके में ही रह रही है और बार-बार बुलाने पर भी वह युवक के पास वापस नहीं आ रही है, जिस करण वह परेशान था एवं अवसादग्रस्त हो गया। इसी के परिणामस्वरूप उसके मन में आत्महत्या का विचार आया और उसने यह कदम उठा लिया। युवक द्वारा भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन दिया गया। युवक के परिजनों द्वारा स्थानीय थाने के पुलिसकर्मियों की तत्परता तथा उनके सहयोग के लिए यूपी पुलिस को धन्यवाद दिया गया।




साइन इन