मैं जीना चाहती हूं...10वीं की छात्रा ने जहर खाकर की आत्महत्या, फेल होने की झूठी खबर बनी मौत की वजह
गोरखपुर में गलत जानकारी के कारण एक 10वीं की छात्रा ने खुदकुशी कर ली। दरअसल, एक विद्यालय की छात्रा को रिजल्ट जारी होने के बाद किसी ने फेल होने की सूचना दे दी। इससे आहत होकर छात्रा ने बिना सत्यापन किए जहर खा लिया।

UP News: यूपी के गोरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां सीबीएसई की 10वीं परीक्षा के घोषित परिणाम में फेल होने की खबर सुनकर मंगलवार को सहजनवां इलाके की एक छात्रा ने जहर खा लिया। थोड़ी देर बाद पास होने की सूचना मिली तो उसने परिजनों को जहर खाने की जानकारी दी। परिजन इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सहजनवां क्षेत्र की रहने वाली छात्रा नगर पंचायत के एक निजी स्कूल में 10वीं में पढ़ती थी। बुधवार को परिणाम घोषित होने के बाद किसी ने उसको खबर दी कि वह फेल हो गई है। इससे आहत होकर उसने चुपके से घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। छात्रा की मां अपने दो बेटों के साथ संतकबीरनगर जिले में स्थित मायके गई थीं। कुछ देर बाद भाई ने फोन कर बताया कि वह परीक्षा में 78 प्रतिशत अंकों के साथ पास हो गई है।
पास होने की सूचना मिलते ही छात्रा ने अपनी बुजुर्ग दादी को जहर खाने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पिता उसे सीएचसी ठर्रापार लेकर गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद पिता शव घर ले आए और मौत की खबर किसी को नहीं दी। शव को गाड़ी में बंद कर दिया। उधर, बेटी के जहर खाने की सूचना मिलने पर मां भी रात में घर पहुंची। पिता ने बताया कि वह ठीक है और गाड़ी में सो रही है। मां के हंगामा करने पर जब गाड़ी का लॉक खोला गया, तो बेटी का शव मिला। इसके बाद परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात करीब डेढ़ बजे शव को कब्जे में लिया।
‘मुझे बचा लीजिए, मैं जीना चाहती हूं’
छात्रा को जब पता चला कि वह परीक्षा में पास हो गई है और जहर खाने की जानकारी पिता को हुई, तब उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई। इस दौरान जहर के असर से तड़प छात्रा बार-बार गुहार लगा रही थी ‘मुझे बचा लीजिए, मैं जीना चाहती हूं’। यह पीड़ा देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।




साइन इन