युवक को खींचकर घर ले गए, हाथ बांधकर कुल्हाड़ी से काट डाला; संभल में निर्मम हत्या
संभल जिले के कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के बलकरनपुर गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 22 वर्षीय बॉबी की पड़ोसियों ने घर में खींचकर हाथ बांध दिए और कुल्हाड़ी व भारी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी। शव आरोपी के घर में मिला। घटना के बाद आरोपी फरार हैं, पुलिस जांच कर रही है।

संभल जिले के कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बलकरनपुर में शुक्रवार रात शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद एक युवक की घर में खींचकर हाथ बांधने के बाद कुल्हाड़ी से काटकर युवक की हत्या कर कर दी। मृतक का शव आरोपी पड़ोसी के घर में पड़ा मिला। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों के बीच शराब पीने के दौरान बहस हई थी।
गांव निवासी बॉबी (22) पुत्र राय सिंह शुक्रवार शाम काम से घर लौटा था। मां ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला जसराज उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि दोनों पहले मंदिर के पास बैठे और शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी बॉबी को खींचकर अपने घर ले गए, जहां उसके हाथ बांधकर कुल्हाड़ी और भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
छोटे भाई ने भागकर बचाई जान
मृतक का भाई रानू भी वहां मौजूद था, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। रात करीब साढ़े आठ बजे चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो बॉबी गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़प रहा था। थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उसके हाथ बंधे थे और सिर में किसी भारी वस्तु के बार के चोट का निशान था।
घटना के बाद गांव में तनाव
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और सीओ दीपक तिवारी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ दीपक तिवारी ने बताया कि युवक के सिर पर भारी वस्तु से वार किया गया है। शव आरोपियों के घर में मिला है। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मृतक बॉबी के छोटे भाई रानू ने पुलिस को बताया कि घटना के समय मैं भी वहीं मोैजूद था। जब आरोपी मेरे भाई को खींचकर ले जा रहे थे तो मैं सहम गया और वहां से किसी तरह जान बचाकर भाग गया था। आरोपियों ने मेरे भाई को घर में बंधकर बना लिया। बंधक बनाने के बाद सभी ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और अंतत: कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस की तैनाती कर दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न होने पाए।




साइन इन