young man committed suicide by jumping from 120 foot tower due to one sided love in kannauj दो घंटे समझाते रहे गांववाले, तभी अचानक 120 फीट ऊंचे टॉवर से कूदा लड़का; एकतरफा प्यार में दे दी जान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

दो घंटे समझाते रहे गांववाले, तभी अचानक 120 फीट ऊंचे टॉवर से कूदा लड़का; एकतरफा प्यार में दे दी जान

24 वर्षीय सुमित गांव के बाहर लगे 120 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। ऊपर से ही वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। ग्रामीणों ने बताया कि वह रिश्तेदारी की एक युवती से एकतरफा प्यार करता था। उसी से  शादी करने की जिद पर अड़ा था। युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। चर्चा है कि युवती की बारात 12 फरवरी को आनी है।

Wed, 11 Feb 2026 09:52 PMAjay Singh संवाददाता, कन्नौज
share
दो घंटे समझाते रहे गांववाले, तभी अचानक 120 फीट ऊंचे टॉवर से कूदा लड़का; एकतरफा प्यार में दे दी जान

उत्तर प्रदेश के कन्नौज के पुराभोज गांव में बुधवार सुबह शादी की जिद पर अड़े एक युवक ने 120 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर से मौत की छलांग लगा दी। इसके पहले करीब दो घंटे तक वहां परिजन और ग्रामीण युवक को समझाते रहे लेकिन वह नहीं माना और कूद गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। युवक के कूदने का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

बुधवार सुबह करीब आठ बजे पुराभोज निवासी 24 वर्षीय सुमित गांव के बाहर लगे 120 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। ऊपर से ही वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। ग्रामीणों ने बताया कि वह रिश्तेदारी की एक युवती से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करने की जिद पर अड़ा था। परिजन और युवती इसके लिए तैयार नहीं थे। चर्चा रही कि युवती की बारात 12 फरवरी को आनी है। इसकी जानकारी होते ही उसने आपा खो दिया और टॉवर पर चढ़ गया। वह जोर-जोर से चिल्ला रहा था कि उसकी प्रेमिका किसी और की नहीं हो सकती।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी के सरकारी कर्मचारियों को अब इसी सिस्टम से मिलेंगी छुट्टियां, आदेश जारी

नीचे खड़े सुमित के परिजन और ग्रामीण उसे मनाते रहे लेकिन वह नहीं माना। इस बीच पुलिस भी पहुंच गई। दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद करीब 10 बजे वह ऊपर से कूद गया। यह देख नीचे खड़े लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसहायगंज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि युवक के चाचा लखन ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें नशे की हालत में चढ़ने और गिरने की बात कही गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से बात कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गड्ढे में विकास...साइकिल पंचर, यूपी बजट पर SP Vs BJP; शिवपाल-केशव में जुबानी जंग

दो घंटे तक चला ‘शोले’ जैसा ड्रामा

पुराभोज गांव में सुबह-सुबह इस खौफनाक घटना से हड़कंप मच गया। सुबह आठ बजे सुमित के मोबाइल टॉवर पर चढ़ने के करीब करीब दो घंटे तक फिल्म शोले जैसा ड्रामा चलता है। ग्रामीणों की मानें तो सुमित ऊपर से ही चिल्लाते हुए अपनी प्रेमिका की बातें कर रहा था। वह कह रहा था कि उसका (प्रेमिका) वह हो नहीं सकता तो किसी और का भी नहीं होगा। अपने परिजनों से उसने कहा कि उसकी शादी नहीं कराई तो वह जान दे देगा। नीचे खड़े परिजन हाथ जोड़कर उतरने की मिन्नतें करते रहे लेकिन उसने किसी की एक न सुनी और 120 फीट से ही छलांग लगा दी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।