बारात में आए युवक को न्यूड कर खींचे फोटो, विरोध पर दूल्हे के चचेरे भाई को पीट-पीटकर मार डाला
अलीगढ़ जिले की अतरौली क्षेत्र के गांव मढ़ौली स्थित मैरिज होम में शुक्रवार रात को शादी समारोह के दौरान बवाल हो गया। घरातियों में शामिल कुछ लोगों ने पहले बरात में आए एक युवक को नग्न कर उसका फोटो खींचा।

अलीगढ़ जिले की अतरौली क्षेत्र के गांव मढ़ौली स्थित मैरिज होम में शुक्रवार रात को शादी समारोह के दौरान बवाल हो गया। घरातियों में शामिल कुछ लोगों ने पहले बरात में आए एक युवक को नग्न कर उसका फोटो खींचा। रुपये भी छीन लिए। इसका विरोध करने पर दूल्हे के चचेरे भाई की लाठी-डंडों और बेल्टों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मारपीट में दूल्हे के भाई समेत 10 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य की तलाश की जा रही है।
अतरौली क्षेत्र के गांव जगतपुर निवासी रणजीत सिंह की बेटी निशा की शादी आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के सीतानगर रामबाग निवासी ओमवीर के बेटे राहुल के साथ तय हुई थी। राहुल इंजीनियर हैं और दिल्ली में नौकरी करते हैं। शुक्रवार रात को गांव मढ़ौली स्थित लक्ष्मी फार्म हाउस में बरात आई। घुड़चढ़ी के बाद दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर थे। वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था। दूल्हे के चचेरे भाई मोनवीर ने बताया कि वे अपने भाई विनय व अन्य छह लोगों के साथ एक गाड़ी में आए थे। खाना खाने के बाद घरातियों में शामिल कुछ लोग उनके एक दोस्त को उठाकर ले गए। आरोप है कि उसके कपड़े उतारकर फोटो खींचे और रुपये छीन लिए। दोस्त ने आकर ये बात बताई तो विनय ने आरोपियों से कहा कि आप हमें जानते भी नहीं हो।
हम आपके रिश्तेदार हैं। इस तरह बदतमीजी ठीक नहीं है। इतना सुनते ही आरोपी आग बबूला हो गए और लाठी-डंडों से उनको पीटना शुरू कर दिया। ज्वेलरी लूट ली। बीचबचाव में आए बुजुर्ग व अन्य लोगों से भी मारपीट की, जिसमें विनय, दिलीप, सोनवीर, मोनवीर, योगेंद्र, अनूप, रामकुमार, अरुण कुमार, श्यामवीर सिंह घायल हो गए। इससे अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। गंभीर रूप से घायल विनय उर्फ छोटू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली ले जाया गया। वहां से दीनदयाल उपाध्याय रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने विनय को मृत घोषित कर दिया।
आनन-फानन रस्म निभाकर कराई विदाई
दुल्हन के पिता रणजीत सिंह दिल्ली में स्कूल में शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि स्टेज पर वरमाला चल रही थी, तभी ये झगड़ा हुआ। घटना के बाद आनन-फानन रस्में कराई गईं। रात में ही दुल्हन की विदाई कराई गई। घटना के बाद माहौल को देखते हुए दूल्हा राहुल दुल्हन को लेकर आगरा की बजाय दिल्ली चले गए, जहां वे नौकरी करते हैं।
मां को आया अटैक, कई की हालत बिगड़ी
विनय की मौत की सूचना उसके घर पहुंची तो पूरे परिवार के होश उड़ गए। विनय की मां उर्मिला देवी, राहुल की मां मुंद्रा देवी समेत कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई। उर्मिला को अटैक आ गया। उन्हें व मुंद्रा को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
दूल्हे का भाई गंभीर, दिल्ली रेफर
राहुल के बड़े भाई योगेंद्र सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। मारपीट में उन्हें गंभीर चोट आई हैं। उन्हें पहले आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से दिल्ली रेफर कर दिया गया। इसके अलावा अन्य लोगों की भी हालत गंभीर बनी हुई है।
जमीन पर गिरने के बावजूद बरसाते रहे डंडे
25 वर्षीय विनय उर्फ छोटू शादीशुदा थे। उनकी एक डेढ़ साल की बच्ची है। आरोपियों ने विनय के सिर में डंडों से कई प्रहार किए। विनय के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी उन पर लगातार डंडे बरसाते रहे। यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। मारपीट के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
विनय की सिर की हड्डी टूटी
घटना के बाद परिजन बेहाल हो गए। कुछ लोग अस्पतालों में घायलों को संभालते नजर आए तो कुछ विनय के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। उधर, विनय के पिता व अन्य लोगों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। बताया जा रहा है कि पहले अज्ञात में तहरीर दी गई। बाद में सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कराकर नामजद तहरीर दी गई। दोपहर में शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें विनय के सिर की हड्डी टूटी पाई गई।
मृतक के पिता ने दर्ज कराया मुकदमा
मामले में आगरा के सीता नगर रामबाग निवासी गिरवर सिंह ने तहरीर दी। इसमें कहा है कि शुक्रवार को वे अपने चचेरे भाई ओमवीर सिंह के बेटे राहुल की बरात में शामिल होने के लिए लक्ष्मी फार्म हाउस आए थे। साथ में उनके बेटे व परिवार के अन्य लोग थे। रात करीब 11 बजे जब वे घर लौटने के लिए निकले, तभी गांव जगतपुर के रहने वाले जोगेंद्र, उसके बेटे ज्ञानप्रकाश, पुष्पेंद्र, उसका भाई जयंत व गुल्लू उर्फ प्रवीन, अतुल पुत्र देवेंद्र, मनोज पुत्र रुषी, नरेश पुत्र रामवीर, विवेक पुत्र सत्यवीर और आकाश पुत्र संजय ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। बचाव में आए दिलीप पुत्र दुर्ग सिंह, गिरवर के बेटे सोनवीर, मोनवीर के अलावा दूल्हे के भाई योगेंद्र सिंह भी चोटिल हो गए। घायलों ने मौके के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर हमलावरों की शिनाख्त की है। पुलिस ने गांव जगतपुर निवासी आरोपी पुष्पेंद्र को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
अतरौली सीओ राजीव द्विवेदी ने कहा, अतरौली में एक मैरिज होम में बरातियों व घरातियों में झगड़ा हो गया था। मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। कुछ लोग घायल हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।




साइन इन