पुल, ऑडिटोरियम, आधुनिक स्कूल, योगी सरकार ने इस जिले को दी सौ करोड़ से ज्यादा की सौगातें
यूपी की योगी सरकार ने एक और जिले के विकास के लिए झोली खोल दी है।सौ करोड़ से ज्यादा की योजनाओं की सौगात दी है। इनमें 80 करोड़ की लागत से नया पुल बनेगा और 32 करोड़ से स्कूल के अलावा 8 करोड़ से ऑडिटोरियम का निर्माण होगा।

Etawah News: यूपी की योगी सरकार ने सभी जिलों के विकास को अपना लक्ष्य बना रखा है। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए अब इटावा के विकास केलिए झोली खोल दी है। सौ करोड़ से ज्यादा की योजनाओं की सौगात दी है। इससे जिले में यमुना नदी पर एक नए पुल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। भारतीय जनता पार्टी की विधायक सरिता भदौरिया ने रविवार को अपने आवास पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पुल न केवल यातायात सुगम करेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और धार्मिक पर्यटन को भी नई ऊंचाई देगा। पुल के अलावा ऑडिटोरियम, आधुनिक स्कूल भी बनाए जाएंगे।
यमुना पर बनेगा 80 करोड़ का पुल: 50 गांवों को लाभ
विधायक सरिता भदौरिया के अनुसार, यमुना नदी पर बनने वाला यह पुल रुरा और असवा गांव के बीच निर्मित किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 79 करोड़ 8 लाख 85 हजार रुपये तय की गई है। इस पुल के बन जाने से कचौरा और पारपट्टी क्षेत्र के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी। वर्तमान में ग्रामीणों को उदी होकर एक लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। इस पुल से क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
यह पुल ऐतिहासिक पिलुआ महावीर (हनुमान) मंदिर के निकट बनाया जा रहा है। पिलुआ महावीर मंदिर में हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। पुल के निर्माण से श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी सुविधा होगी, जिससे मंदिर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन का विस्तार होगा। पीडब्ल्यूडी ब्रिज कॉरपोरेशन द्वारा इस पुल का निर्माण कराया जाएगा और उम्मीद जताई जा रही है कि अगले दो वर्षों में यह जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।
शिक्षा और कला के क्षेत्र में भी बड़े निवेश
पुल के अलावा योगी सरकार ने इटावा के लिए अन्य बड़ी घोषणाएं भी की हैं:
कंपोजिट विद्यालय: इटावा में पोस्टमार्टम हाउस के पास 32 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक कंपोजिट विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) का निर्माण किया जाएगा, जिससे शहर की शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
अत्याधुनिक ऑडिटोरियम: नुमाइश ग्राउंड पर सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 8 करोड़ रुपये की लागत से 500 सीटों वाला भव्य ऑडिटोरियम बनाया जाएगा।
नगर निगम और ब्लॉक का दर्जा दिलाने का प्रयास
विधायक ने यह भी जानकारी दी कि इटावा नगर पालिका को नगर निगम में तब्दील करने और इकदिल को ब्लॉक का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। सरकार के दूसरे चरण के शहरी विस्तार कार्यक्रम में इटावा को शामिल किए जाने की प्रबल संभावना है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से इटावा जिला पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक प्रमुख विकास केंद्र के रूप में उभरेगा।




साइन इन