Yogi cabinet expansion likely soon UP BJP president meets PM Modi and Nitin Naveen योगी कैबिनेट विस्तार को हरी झंडी जल्द; PM मोदी और नितिन नवीन से मिले यूपी बीजेपी अध्यक्ष, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

योगी कैबिनेट विस्तार को हरी झंडी जल्द; PM मोदी और नितिन नवीन से मिले यूपी बीजेपी अध्यक्ष

योगी कैबिनेट में विस्तार और यूपी बीजेपी की नई टीम के गठन को लेकर बैठकों का दौर जारी है। शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। जिसमें यूपी को लेकर मंथन हुआ। चर्चा है कि टीम योगी के विस्तार को जल्द हरी झंडी मिल सकती है।

Sat, 18 April 2026 09:32 AMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, विशेष संवाददाता, लखनऊ
share
योगी कैबिनेट विस्तार को हरी झंडी जल्द; PM मोदी और नितिन नवीन से मिले यूपी बीजेपी अध्यक्ष

Yogi Cabinet Expansion: योगी मंत्रिमंडल के विस्तार और प्रदेश भाजपा की नई टीम के गठन को हरी झंडी दिए जाने का काम अंतिम चरण में है। गुरुवार को देर रात तक भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के यहां यूपी को लेकर चली मैराथन बैठक के बाद शनिवार शाम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई। इस मुलाकात में यूपी को लेकर विमर्श की खबर है।

दिल्ली में डेरा डाले हैं यूपी प्रदेश अध्यक्ष

चर्चा है कि टीम योगी के विस्तार को जल्द हरी झंडी मिल सकती है। इसके लेकर दिल्ली में इन दिनों मंथन का सिलसिला चल रहा है। इसे लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन दो दिन से दिल्ली में ही डेरा डाले हैं। गुरुवार को देर रात तक भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के साथ प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन की लंबी बैठक हुई थी।

टीम योगी में अभी 6 पद खाली

यह बैठक भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े के दो दिनी लखनऊ यात्रा की रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद हुई। हालांकि इस मुलाकात की कोई तस्वीर जारी नहीं हुई। पार्टी में चल रही इस पूरी कवायद के मूल में सर्वाधिक चर्चा मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर है। बता दें कि टीम योगी में अभी 54 मंत्री हैं और छह पद रिक्त हैं। वहीं प्रदेश की नई टीम का भी गठन होना है। आयोग, निगम, बोर्डों के खाली पदों को उसके बाद ही भरे जाने की संभावना है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शाह से मिले सपा बागी अभय सिंह समेत 3 विधायक, योगी कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज
ये भी पढ़ें:यूपी बीजेपी में पंकज चौधरी बनाने लगे नई टीम, होली बाद प्रदेश कमेटी का ऐलान!

बंद कमरे में तावड़े ने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की

लखनऊ दौरे के दौरान तावड़े ने पार्टी के राज्य मुख्यालय पर दिनभर वरिष्ठ नेताओं से बंद कमरे में मुलाकात की। उनसे रायशुमारी के साथ ही सूबे की सियासत का जमीनी फीडबैक भी लिया योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाएं इन दिनों फिर तेज हैं। वहीं करीब तीन दर्जन आयोग-निगम, बोर्डों के खाली पदों को भरे जाने की कवायद भी बीते काफी दिनों से चल रही है। इसके अलावा प्रदेश संगठन की नई टीम भी बननी है। इन्हीं सबको लेकर इन दिनों पार्टी में सरगर्मियां तेज हैं। यूपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी।

सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन सुधारने पर जोर

पार्टी सूत्रों की मानें तो जिन लोगों ने मुलाकात की उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधे जाने पर जोर दिया। अवध क्षेत्र में पासी और कुर्मियों की नाराजगी के कारण पार्टी को नुकसान हुआ। इसी तरह ब्राह्मणों की नाराजगी का विषय भी लगातार उठता है। सुझाव दिया गया कि पार्टी को बैकवर्ड राजनीति करनी है तो अगड़ों को भी साधना होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर ऐक्शन में UPPCL, जांच के लिए बनाई गई कमेटी

कई जातियों में बिखराव की अटकलें

आयोग, निगम, बोर्डों के खाली पदों को भी जल्द भरे जाने की बात कही गई क्योंकि पहले ही काफी विलंब हो चुका है। इसके अलावा 2014 की तर्ज पर पार्टी के सामाजिक समीकरणों को फिर दुरुस्त करने का फीडबैक भी दिया गया है। कहा गया कि यह ताना-बाना बिखरा है। कुर्मी, पासी सहित कई जातियों का बिखराव देखने को मिला है

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।