नीट छात्र की हत्या के बाद ऐक्शन मोड में योगी सरकार, यूपी एसटीएफ को मिला ये टारगेट
15 सितम्बर की रात में ग्रामीणों के हाथों पकड़े गए पशु तस्कर अजब हुसैन के पास पुलिस को एक मोबाइल मिला था। पुलिस इसी मोबाइल के जरिए इनके नेटवर्क में घुस गई और गिरोह के सदस्यों को ट्रेस करने के बाद अब तक पांच को दबोच चुकी है। इनमें बड़ी कार्रवाई अब्दुल रहीम की गिरफ्तारी को लेकर थी।

यूपी के गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र में नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता की हत्या के बाद योगी आदित्यनाथ सरकार ऐक्शन मोड में है। पुलिस और एसटीएफ को पशु तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने का टारगेट मिल गया है और दोनों इस काम में जोरशोर से जुट गई हैं। मामले की जांच एसटीएफ को सौंप दी गई है। इस बीच कुशीनगर और देवरिया के एसपी को हटाकर डीजीपी कार्यालय से संबद्ध किए जाने की कार्रवाई को भी पशु तस्करों पर अंकुश न लगा पाने से जोड़ कर देखा जा रहा है। देवरिया के एसपी पर जनशिकायतों के सुनवाई में लापरवाही का भी आरोप है।
पिपराइच क्षेत्र के जंगल छत्रधारी गांव के टोला महुआ चाफी के रहने वाले दीपक को सोमवार रात पशु तस्करों ने अगवा कर मार डाला था। मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मंगलवार देर शाम एडीजी कानून व्यवस्था अमिताश यश ने गोरखपुर पहुंचे थे। बुधवार को कुशीनगर के रामकोला क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया एक लाख का इनामी पशु तस्कर अब्दुल रहीम भी छात्र की हत्या में शामिल था। बताया जा रहा है कि एडीजी कानून व्यवस्था ने बुधवार को लखनऊ लौटकर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपी है। गुरुवार को कुशीनगर के एसपी संतोष कुमार मिश्रा व देवरिया के एसपी विक्रांत वीर हटा दिए गए।
तस्करों के मददगार पुलिस वालों की बन रही कुंडली
एडीजी जोन अशोक मुथा जैन ने जोन के सभी 11 जिलों में पशु तस्करों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन स्वीप शुरू किया है। उन्होंने उन पुलिसकर्मियों को चिह्नत करने के निर्देश दिए हैं जो तस्करों की मदद करते हैं। गिरफ्तार तस्करों, फरार व जमानत पर चल रहे आरोपितों का भी ब्योरा जुटाया जा रहा है।
मोबाइल से मिले अहम सुराग
गुरुवार को पुलिस ने तस्करों के दो मददगारों को दबोचा है। वहीं, ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए गो तस्कर बिहार के गोपालगंज निवासी अजब हुसैन के पास से मिले मोबाइल ने पशु तस्करों के पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया है।
पांच जिलों में डाली दबिश, एक और तस्कर दबोचा
नीट छात्र दीपक की हत्या के बाद तस्करों के खिलाफ चल रही पुलिसिया कार्रवाई में अब तक पांच पशु तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। एक तस्कर पुलिस की गोली तो एक ग्रामीणों की पिटाई से घायल है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, तीन तस्करों से पुलिस की पूछताछ जारी है। इनमें रामलाल नामक एक तस्कर को टीम ने गुरुवार को उठाया है। यह भी गीडा इलाके का रहने वाला है।
इसके अलावा दो और तस्कर भी गीडा इलाके के पकड़े गए थे। ये तीनों स्थानीय मददगार बताए जा रहे हैं। इसके अलावा एक-एक लाख रुपये के इनामी बिहार और रामपुर के दो तस्करों की तलाश में एसटीएफ की दबिश जारी है। कार्रवाई में पुलिस की पांच टीमों ने अब तक उत्तर प्रदेश और बिहार के पांच जिलों के 20 इलाकों में दबिश डाली है।
15 सितम्बर की रात में ग्रामीणों के हाथों पकड़े गए पशु तस्कर अजब हुसैन के पास पुलिस को एक मोबाइल मिला था। पुलिस टीम इसी मोबाइल के जरिए इनके नेटवर्क में घुस गई और गिरोह के सदस्यों को ट्रेस करने के बाद अब तक पांच को दबोच चुकी है। इनमें बड़ी कार्रवाई अब्दुल रहीम की गिरफ्तारी को लेकर थी। उसके ऊपर एक लाख रुपये का इनाम एडीजी जोन की तरफ रखा गया था। इसके अलावा गिरोह में शामिल तीन तस्कर गीडा इलाके के रहने वाले मिले हैं। दो को बुधवार को ही पुलिस ने दबोच लिया था जबकि एक को गुरुवार को पकड़ा गया है। तीनों से पूछताछ जारी है, उनके नेटवर्क के बारे में पुलिस पड़ताल कर रही है।
इसी क्रम में संतकबीरनगर, देवरिया और कुशीनगर में टीम ने दबिश दी है। बिहार के गोपालगंज में भी एक टीम डेरा डाली है। अफसरों का दावा है कि जल्द ही कई और तस्करों को दबोच लिया जाएगा। वहीं एक-एक लाख रुपये के दो इनामी तस्करों की तलाश में एसटीएफ लगी हुई है। दोनों तस्करों में एक रामपुर तो दूसरा बिहार के गोपालगंज का है। पुलिस की जांच में पिपराइच के मन्नू निषाद उर्फ विदुर का नाम भी मुखबिरी में सामने आया है। एसएसपी राज करन नैय्यर ने बताया कि तस्करों के एक और साथी को पकड़ा गया है। अब तक कुल पांच तस्कर पकड़े जा चुके हैं। अन्य की तलाश में टीम की दबिश जारी है।
सीएम देंगे आर्थिक मदद
गोरखपुर के डीएम दीपक मीणा ने कहा कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता सीएम के हाथों उपलब्ध कराई जाएगी। परिवार की सुरक्षा के लिए एसएसपी से कह दिया गया है। इस मामले से संबंधित सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।




साइन इन