गोरखपुर में पशु तस्करों ने की छात्र की हत्या, भड़का गुस्सा; बवाल में एसपी-थानेदार घायल
दीपक शोर मचाते हुए स्कूटी से पहुंचा और पिकअप सवारों का पीछा करने लगा। पिकअप सवार तस्करों ने पहले पथर चलाए। इसमें दुर्गेश अैर वीरेंद्र को चोट आई। इसी बीच तस्करों ने दीपक को अपनी गाड़ी में खींच लिया और आगे बढ़ गए। कुछ दूर आगे एक ग्रामीण ने रोकने का प्रयास किया तो तस्करों ने उस पर भी पथराव किया।

यूपी के गोरखपुर के पिपराइच इलाके में सोमवार की देर रात पशु तस्करों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। पीछा करने के शक में तस्करों ने नीट की तैयारी कर रहे छात्र को अगवा कर मार डाला और शव गुलरिहा इलाके में फेंक कर फरार हो गए। वहीं तस्करों की दूसरी गाड़ी को ग्रामीणों ने घेर लिया। गाड़ी फंसने पर उतरकर भाग रहे तस्करों में से एक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। इसके बाद तस्करों की गाड़ी फूंक दी। पकड़े गए तस्कर को कब्जे में लेने के प्रयास में गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर हमला बोल दिया। हमले में पिपराइच थानेदार का हाथ टूट गया जबकि एसपी नार्थ सहित अन्य पुलिसवालों के सिर और कंधे में चोट आई।
सुबह होते ही ग्रामीणों ने फरार तस्करों की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर गोरखपुर-पिपराइच मार्ग जाम कर दिया। उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को पीड़ित परिवार से बात करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर पहुंचे डीआईजी, डीएम और एसएसपी के आश्वासन पर पांच घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल छत्रधारी टोला महुआ चाफी निवासी खरभान गुप्ता की नहर रोड पर दुकान है। रेलवे से रिटायर्ड खरभान अपने नाती मोनू के साथ रात में यहां रहते हैं। सोमवार रात करीब 11.20 बजे मोनू ने बोलेरे पिकअप सवार संदिग्धों को देखकर नाना से चोर होने की आशंका जताई और घर पर कॉल कर सूचना दी। इसके बाद उसके मामा दुर्गेश, वीरेन्द्र और ममेरा भाई दीपक बाइक और स्कूटी से दुकान के लिए चल दिए। उधर, खुद को बचाने के लिए खरभान अपने नाती मोनू को लेकर दुकान के पिछले हिस्से में स्थित टिनशेड में जाकर छिप गए। इस बीच दीपक शोर मचाते हुए स्कूटी से पहुंचा और पिकअप सवारों का पीछा करने लगा। पिकअप सवार तस्करों ने पहले पथराव किया। पथराव में दुर्गेश अैर वीरेंद्र को चोट आई। इसी बीच तस्करों ने स्कूटी सवार दीपक को अपनी गाड़ी में खींच लिया और आगे बढ़ गए। कुछ दूर आगे जाने के बाद विश्राम नामक ग्रामीण ने रोकने का प्रयास किया तो तस्करों ने उस पर भी पथराव किया जिससे उसके हाथ में चोट आई।
कई गांवों के लोगों ने की घेराबंदी, एक को दबोचा
उधर, पशु तस्करों का शोर पूरे इलाके में फैल गया जहां-तहां लोग लाठी-डंडे लेकर निकल पड़े। पड़ोस के गांव में ग्रामीणों ने तस्करों की एक दूसरी पिकअप को पकड़ लिया। उस पर तीन गोवंश लदे हुए थे। घेराबंदी के दौरान गाड़ी फंसने पर पशु तस्कर गाड़ी छोड़कर भागने लगे जिसमें से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और दीपक के घर के पास मंदिर में बंधक बना कर रखने के साथ ही पुलिस को सूचना दी।
डेढ़ बजे मिली छात्र की हत्या की सूचना
रात में करीब डेढ़ बजे रास्ते में पड़े दीपक की हत्या की सूचना जब ग्रामीणों को मिली तब बंधक बनाए गए तस्कर पर भीड़ टूट पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए तस्कर को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ के पथराव और हाथापाई में एसपी नार्थ के कंधे पर चोट आई। वहीं पिपराइच थानेदार का हाथ टूट गया। अन्य पुलिसकर्मियों के सिर और हाथ में चोट आई। किसी तरह से पुलिसवालों ने पकड़े गए तस्कर को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
सुबह होते ही ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
वहीं इस घटना से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार की सुबह गोरखपुर-पिपराइच रोड पर भट्ठा चौराहे के पास सड़क जाम कर दिया। सूचना के बाद शहर के साथ ही चौरीचौरा सर्किल की फोर्स और पीएसी मौके पर बुला ली गई। भीड़ ने जाम के दौरान दो बार पुलिस पर पथराव भी किया। दोपहर बाद साढ़े 12 बजे डीआईजी, एसएसपी और डीएम मौके पर पहुंचे। अफसरों ने ग्रामीणों की मांगें मांगने के साथ कार्रवाई का भरोसा देकर जाम समाप्त कराया।
क्या बोली पुलिस
एसएसपी राजकरण नैय्यर ने कहा कि युवक की मौत सिर पर चोट लगने से हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें बनाई गईं हैं। पुलिस जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन