गोरखपुर में छात्र की हत्या में नया मोड़, पुलिस बोली-गोली नहीं सिर में चोट से हुई मौत
एसएसपी राजकरन नय्यर पिपराइच थाना क्षेत्र के महुआ चाफी गांव से तड़के सवा तीन बजे के करीब सूचना मिली कि गांव में दो पिकअप गाड़ियों से कुछ पशु तस्कर आए थे। ग्रामीणों ने उनका पीछा किया। एक पिकअप वहीं फंस गई। दूसरी पिकअप वहां से भाग निकली। गांव का एक युवक उसके पीछे गया था।

यूपी के गोरखपुर में पशु तस्करों के हाथों 19 वर्षीय छात्र दीपक गुप्ता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसे लेकर गांववालों का गुस्सा भड़क गया। सोमवार की आधी रात के बाद ढाई-तीन बजे से शुरू हुआ बवाल मंगलवार को मध्याह्न तक चलता रहा। इस दौरान आगजनी और सड़क जाम भी हुआ। पथराव के बीच कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। मौके पर भारी फोर्स और पीएसी बल को तैनात किया गया है। इस घटना का संज्ञान सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी लिया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। उधर, छात्र की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस का कहना है कि छात्र को गोली नहीं मारी गई बल्कि सिर में चोट लगने की वजह से उसकी जान गई।
गोरखपुर के एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि पिपराइच थाना क्षेत्र के महुआ चाफी गांव से तड़के सवा तीन बजे के करीब सूचना मिली कि गांव में दो पिकअप गाड़ियों से कुछ पशु तस्कर आए थे। गांव के लोगों ने उनका पीछा किया। एक पिकअप वहीं फंस गई। दूसरी पिकअप वहां से भाग निकली। गांव का एक युवक उसके पीछे गया था। जो पिकअप वहां फंस गई थी उसमें एक व्यक्ति था जिसके साथ गांववालों ने मारपीट की थी। उसे इलाज के लिए भेजा गया है।
पुलिस को जैसे ही सूचना मिली वैसे ही तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरी जानकारी प्राप्त की गई। गांव के एक युवक को पिकअप से धक्का लगने चलते सिर पर पीछे चोट आई है। इससे उसकी दुखद मौत हो गई। इस बारे में परिवार से बात कर तहरीर ली गई है। सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बनीं पांच टीमें
एसएसपी ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें बना दी गईं हैं। पुलिस जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। घटना में जिस युवक की मौत हुई है उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन