बाराबंकी कांड के बाद ऐक्शन में योगी सरकार, यूपी के हर कॉलेज-यूनिवर्सिटी की होगी चेकिंग
बाराबंकी एसआरएमयू प्रकरण के बाद योगी आदित्यनाथ सरकार ऐक्शन मोड में है। सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों में सभी विश्वविद्यालयों , महाविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की मान्यता और प्रवेश प्रक्रिया की सघन जांच के आदेश दे दिए हैं। इसके लिए हर जिले में विशेष जांच टीमों का गठन किया जाएगा।

यूपी के बाराबंकी के श्रीरामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) में लॉ फेकेल्टी की मान्यता को लेकर आंदोलन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के बाद प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। इस प्रकरण के बाद प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ऐक्शन मोड में है। एक तरफ जहां दो दिन पहले एसआरएमयू कैंपस में बने एनिमल हाउस और कैंटीन पर बुलडोजर ऐक्शन हुआ वहीं अब सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों में सभी विश्वविद्यालयों (यूनिवर्सिटी), महाविद्यालयों (कॉलेजों) और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की मान्यता और प्रवेश प्रक्रिया की सघन जांच के आदेश दे दिए हैं। इसके लिए हर जिले में विशेष जांच टीमों का गठन किया जाएगा।
प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों को हर जिले के लिए अलग-अलग जांच टीम गठित करने का आदेश दिया गया है। इस टीम में एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, एक पुलिस अधिकारी और शिक्षा विभाग के एक अधिकारी होंगे। जांच की कार्यप्रणाली को स्पष्ट करते हुए कहा गया है कि सभी संस्थानों से सिर्फ मान्यता प्राप्त कोर्स ही संचालित किए जाने के प्रमाण का शपथ पत्र लिया जाएगा। इसके साथ ही सभी पाठ्यक्रमों की सूची और मान्यता पत्र की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। यदि कहीं भी कोई अवैध कोर्स या अवैधानिक प्रवेश मिलता है तो तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इनकी अब खैर नहीं
उत्तर प्रदेश में अवैध कोर्स या फर्जी प्रवेश मिलने पर संबंधित संस्थान की अब खैर नहीं होगी। ऐसे संस्थानों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कहा गया है कि छात्रों से लिए गए शुल्क की ब्याज सहित वापसी संस्थान की जिम्मेदारी होगी।
15 दिन में देनी होगी जांच रिपोर्ट
योगी सरकार ने हर जिले से 15 दिन के अंदर जांच रिपोर्ट शासन को भेजने को कहा है। इस जांच प्रकिया पर मंडलायुक्त सीधी निगरानी रखेंगे। वह यह सुनिश्चित करेंगे कि कहीं किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न हो। जांच प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी।




साइन इन