yogi adityanath announces greater agra second noida 6466 crore development projects यूपी में विकसित होगा ‘दूसरा नोएडा’, सीएम योगी ने इस शहर के लिए किया मेगा प्लान का ऐलान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में विकसित होगा ‘दूसरा नोएडा’, सीएम योगी ने इस शहर के लिए किया मेगा प्लान का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा को उत्तर प्रदेश का 'दूसरा नोएडा' बनाने का ऐलान किया है। 'ग्रेटर आगरा' नाम की यह नई टाउनशिप 5,142 करोड़ रुपये की लागत से 449 हेक्टेयर में बसाई जाएगी। 

Wed, 8 April 2026 12:49 PMYogesh Yadav आगरा, वरिष्ठ संवाददाता
share
यूपी में विकसित होगा ‘दूसरा नोएडा’, सीएम योगी ने इस शहर के लिए किया मेगा प्लान का ऐलान

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर ग्रेटर आगरा विकसित होगा। यह नया शहर स्मार्ट ही नहीं बल्कि पूरी तरह से सुरक्षित भी होगा। सरकार का लक्ष्य आगरा को सिर्फ एक पर्यटन स्थल तक सीमित न रखकर इसे एक आधुनिक, सांस्कृतिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। यहां बड़ी-बड़ी कंपनियां और योजनाएं आएंगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को रहनकलां में ग्रेटर आगरा टाउनशिप समेत 6777 करोड़ रुपये की 325 विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

सीएम योगी ने कहा कि आगरा को मेट्रो मिल चुकी है। अब साल के अंत तक सिविल टर्मिनल भी मिल जाएगा। यहां शिवाजी स्मारक, म्यूजियम, मेट्रो के सेकंड फेज के उद्घाटन के लिए फिर आएंगे। आगरा के पेठा को विश्व स्तर पर ख्याति दिलवाएंगे। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के विकास पर भी सरकार का विशेष ध्यान रहेगा। इसके अलावा यदि समय से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो जाती है, तो शहर में रबर डैम निर्माण की योजना को भी धरातल पर उतारा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश की विरासत के साथ विकास का मंत्र आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बार-बार ट्रैफिक तोड़ा तो महंगा पड़ेगा, योगी कैबिनेट ने नए अध्यादेश को दी मंजूरी

माफिया को मिट्टी में मिला दिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाकर आतंकवाद के ताबूत में अंतिम कील ठोंक दी गई है और देश से नक्सलवाद- माओवाद खत्म हो रहा है। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले माफियाओं को संरक्षण मिलता था, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने उन्हें मिट्टी में मिला दिया है। अयोध्या, मथुरा और सम्भल को उनका पुराना सांस्कृतिक गौरव लौटाया गया है। बंटना नहीं है। एकजुट होकर सनातन के गौरव के लिए आगे बढ़ना है।

भारत में नहीं है युद्ध का असर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक हालात और भारत की प्रगति की तुलना करते हुए कहा कि आज दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध के कारण तबाही और भयंकर महंगाई है। अमेरिका जैसे देश में पेट्रोल के दाम चार गुना तक बढ़ गए हैं और पड़ोसी देश पाकिस्तान पूरी तरह तबाह हो चुका है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। देश में सरकार ने उत्पाद कर को कम करके महंगाई को बढ़ने नहीं दिया। आज भारत पूरी दुनिया को नेतृत्व प्रदान करता हुआ दिखाई दे रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चुनावी मोड में योगी सरकार, कैबिनेट और अवध से ब्रज भूमि तक सौगातों की बौछार
ये भी पढ़ें:आम्बेडकर मूर्ति पर छत्र, पार्कों का होगा सुंदरीकरण, योगी कैबिनेट की मंजूरी

आस्था और आधुनिक शहरीकरण का एक अनूठा संगम

उत्तर प्रदेश सरकार की ‘नए शहर प्रोत्साहन योजना’ के तहत आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा इस महत्वाकांक्षी टाउनशिप का निर्माण किया जाएगा। करीब 5142 करोड़ रुपये की लागत से रायपुर और रहनकलां क्षेत्र में 449.65 हेक्टेयर भूमि पर इसे विकसित किया जाएगा।

इस टाउनशिप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके सेक्टरों का नामकरण गंगा, यमुना, सरस्वती, गोदावरी जैसी 10 पवित्र नदियों के नाम पर किया जाएगा। रेरा से इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है। इसमें 10 हजार से अधिक परिवारों के लिए मल्टीस्टोरी फ्लैट्स, ग्रुप हाउसिंग, प्लॉट, आधुनिक सड़कें, सीवरेज, हरित क्षेत्र और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह आस्था और आधुनिक शहरीकरण का एक अनूठा संगम होगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।