पुलिस के सामने ही आपस में भिड़ गईं समूह की महिलाएं, संगठन की कोषाध्यक्ष का फोड़ा सिर
देवरिया में पुलिस के सामने ही समूह की महिलाएं आपस में भिड़ गईं। जिसमें संघ की कोषाध्यक्ष का सिर फट गया। इस घटना के बाद बैंक में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
UP Police: यूपी के देवरिया में पुलिस के सामने ही शुक्रवार को रामलक्षन चौराहे पर स्थित उप्र ग्रामीण बैंक की शाखा पर समूह की महिलाएं आपस में भिड़ गईं। जिसमें संघ की कोषाध्यक्ष का सिर फट गया। इस घटना के बाद बैंक में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है हालांकि इसकी पुष्टि ‘हिन्दुस्तान’ नहीं करता है। मामले में पुलिस ने पांच महिलाओं के खिलाफ मारपीट और बलबा का नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
जंगल पिपरा गांव की रहने वाली लक्ष्य प्रेरणा सम्पूर्ण स्तरीय संघ रामलक्षन की अध्यक्ष रंभा देवी हैं। पहले संघ की अध्यक्ष दुलारी देवी थीं। 29 अगस्त 2025 को संघ का चुनाव हुआ था। जिसमें रंभा देवी अध्यक्ष, सूरजपुर गांव की रहने वाली कान्ती देवी सचिव, छपौली गांव की रहने वाली गीता देवी को कोषाध्यक्ष व भृगुसरी गांव की रहने वाली मनीषा देवी को बैंक सखी चुना गया था। जिसे लेकर दूसरे पक्ष की महिलाएं लगातार विरोध और विवाद करने लगीं। संगठन की कोषाध्यक्ष गीता देवी शुक्रवार को अध्यक्ष रंभा देवी व सचिव कान्ती देवी के साथ रामलक्षन स्थित बैंक में गई थीं। जहां दूसरे पक्ष की महिलाएं बैंक में ही उनके साथ गाली-गलौज करने लगीं।
मौके पर मौजूद लोगों के समझाने-बुझाने पर भी वे नहीं मानीं और बैंक के चैनल के बाहर निकलते ही करीब एक दर्जन महिलाएं उनके साथ मारपीट करने लगीं। इस घटना में गीता देवी का सिर फट गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से आपस में जूझ रही महिलाओं को अलग किया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में गीता देवी की तहरीर पर मीरा निषाद, दुलारी देवी, माधुरी देवी, संगीता देवी व सुगंधा देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।




साइन इन