दो कमरों का बिल 4 हजार आने पर भड़कीं महिलाएं, स्मार्ट मीटर उखाड़कर पॉवर हाउस पहुंचीं
यूपी में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ता असंतोष अब सड़कों पर नजर आने लगा है। हमीरपुर में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। हाथों में स्मार्ट मीटर लेकर जुलूस की शक्ल में वे पॉवर हाउस पहुंचीं और जमकर नारेबाजी व हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यूपी में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ता असंतोष अब सड़कों पर नजर आने लगा है। शुक्रवार को हमीरपुर जिले के मौदहा के पूर्वी तौरास मोहल्ले में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। हाथों में स्मार्ट मीटर लेकर जुलूस की शक्ल में वे पॉवर हाउस पहुंचीं और जमकर नारेबाजी व हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है।
मौदहा कस्बे में स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार तीसरे दिन भी विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। सभासद रमजानी और संदीप वाल्मीकि ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से घरों का बजट बिगड़ गया है। दो कमरों के मकान का बिजली बिल चार हजार रुपये तक आ रहा है, जिससे लोग परेशान हैं। शुक्रवार को पूर्वी तौरास मोहल्ले की महिलाओं ने अपने-अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़ लिए और उन्हें हाथों में लेकर जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए पॉवर हाउस पहुंच गईं। वहां घेराव कर धरने पर बैठ गईं और मीटरों का ढेर लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए एलआईयू और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। देखते ही देखते पूरा उपखंड कार्यालय छावनी में तब्दील हो गया। कुछ ही देर में उपखंड अधिकारी आर.के. वर्मा, एसडीएम करणवीर सिंह और सीओ राजकुमार पांडेय भी मौके पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों को शांत कराने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान पुलिस ने संदीप वाल्मीकि, सभासद रमजानी और याकूब समेत छह-सात लोगों को धरने से हटाकर कोतवाली भेज दिया। प्रदर्शनकारियों के टेंट आदि भी हटवा दिए गए। एसडीएम ने बताया कि समस्या गंभीर है और इसके समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है, लेकिन इस तरह से विरोध-प्रदर्शन करना उचित नहीं है।




साइन इन