wife was living live-in relationship husband who arrived home on Holi played bloody game and also injured lover होली पर मुखौटा लगाकर आए पति ने खेला खूनी खेल, पत्नी की छीन ली जिंदगी, प्रेमी को भी नहीं छोड़ा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

होली पर मुखौटा लगाकर आए पति ने खेला खूनी खेल, पत्नी की छीन ली जिंदगी, प्रेमी को भी नहीं छोड़ा

शाहजहांपुर में होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। अलग रह रही पत्नी के घर पहुंचे पति ने पहले उसके साथ रह रहे युवक पर तेजाब फेंका और फिर पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।

Thu, 5 March 2026 07:35 PMDinesh Rathour शाहजहांपुर
share
होली पर मुखौटा लगाकर आए पति ने खेला खूनी खेल, पत्नी की छीन ली जिंदगी, प्रेमी को भी नहीं छोड़ा

यूपी के शाहजहांपुर में होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। अलग रह रही पत्नी के घर पहुंचे पति ने पहले उसके साथ रह रहे युवक पर तेजाब फेंका और फिर पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के दौरान हुए संघर्ष में आरोपी पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। घटना राजकीय मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित चौक कोतवाली क्षेत्र की बालाजी नगर कॉलोनी की है। यहां किराए के मकान में रह रही करीब 30 वर्षीय आरती की बुधवार सुबह हत्या कर दी गई।

आरती अपने पति मनमोहन पांडेय से अलग रह रही थी और पिछले कुछ महीनों से एक युवक के साथ लिव इन में रह रही थी। पुलिस के अनुसार मनमोहन मूल रूप से थाना रोजा क्षेत्र का रहने वाला है। करीब दस वर्ष पहले उसने प्रेमनगर की रहने वाली आरती से घरवालों के विरोध के बावजूद शादी की थी। शादी के बाद शुरुआती समय तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। परिवारिक तनाव बढ़ने पर दो साल पहले आरती ने अदालत में तलाक का मामला दायर कर दिया और पति से अलग रहने लगी। दोनों की छह साल की एक बेटी है, जो पिता के पास रहती है। तलाक की प्रक्रिया चलने के दौरान आरती की मुलाकात चौक कोतवाली क्षेत्र की बृज विहार कॉलोनी निवासी बृजदीप से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब छह महीने पहले बृजदीप ने आरती को बालाजी नगर में किराए का मकान दिला दिया। इसके बाद दोनों अक्सर साथ रहने लगे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:घर में बॉडी पड़ी है... पत्नी की हत्या कर पुलिस को फोन मिलाया

मुखौटा लगाकर आया था पति

होली के दिन सुबह करीब छह बजे एक व्यक्ति चेहरे पर मुखौटा लगाकर मकान के दरवाजे पर पहुंचा और घंटी बजाई। उस समय बृजदीप घर के अंदर मौजूद था। उसने जैसे ही दरवाजा खोला, सामने खड़े व्यक्ति ने अचानक उसकी आंखों में रंग फेंक दिया। इससे वह घबरा गया और कुछ समझ पाता उससे पहले हमलावर ने उस पर तेजाब उछाल दिया। तेजाब पड़ते ही बृजदीप चीखते हुए घर से बाहर की ओर भागा। शोर सुनकर आरती भी कमरे से बाहर आ गई। इसी दौरान हमलावर ने उसे पकड़ लिया और जेब से निकाले चाकू से उसके गले पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से आरती गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, बाद में खुद भी दे दी जान

पत्नी के प्रेमी को किया लहूलुहान

बाहर मौजूद बृजदीप ने जब हमलावर का मुखौटा हटाया तो उसकी पहचान आरती के पति मनमोहन के रूप में हुई। यह देखते ही वह वापस अंदर दौड़ा और आरती को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। मारपीट में बृजदीप ने मनमोहन को लात-घूंसों और ईंट से कई वार कर घायल कर दिया। कुछ ही देर में मनमोहन भी गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही चौक कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला, उसके साथ रह रहे युवक और आरोपी पति तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद आरती को मृत घोषित कर दिया। वहीं तेजाब से झुलसे बृजदीप और गंभीर रूप से घायल मनमोहन का इलाज जारी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:10 महीने से ससुराल नहीं आ रही थी पत्नी, नाराज़ पति ने खुद को गोली से उड़ाया

दूसरे के साथ पत्नी को रहता देख मनमोहन था आक्रोशित

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन था। इसी बीच पत्नी के दूसरे युवक के साथ रहने की जानकारी मिलने पर मनमोहन नाराज था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि घायल बृजदीप के बयान के आधार पर आरोपी मनमोहन के खिलाफ हत्या और तेजाब से हमला करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी मरने वाली आरती

परिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो आरती पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता निजी क्षेत्र में काम करते हैं। वहीं मनमोहन दो भाइयों में छोटा है और उसके पिता रेलवे में लोको पायलट रहे हैं, जो अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। चौक कोतवाल अश्विनी सिंह का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट किया जा सके। फिलहाल महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।