रुपये लाने के लिए पति को प्रेमी के पास भेजा, सुपारी दे शूटरों से हत्या कराई; पत्नी समेत 3 गिरफ्तार
17 दिसंबर को अलीगढ़ के हैवतपुर-अकरावत रोड की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर जंगल में एक शव पड़ा मिला था। इसकी पहचान आगरा जिले के सिकंदरा क्षेत्र के बाईपुर गांव निवासी राजकुमार के रूप में हुई। वह घर से यह कहकर निकले थे कि कहीं से पैसे लेने जा रहे हैं। पत्नी ज्योति की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था

एक जूता कंपनी में इलेक्ट्रिशियन का काम करने वाले शख्स की हत्या का अलीगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इलेक्ट्रिशियन की हत्या उसकी पत्नी ने ही दिव्यांग प्रेमी के साथ मिलकर करवाई थी। उसने खुद पति को रुपये लाने के लिए प्रेमी के पास भेजा था। फिर उसी के साथ मिलकर डेढ़ लाख रुपये में शूटरों को सुपारी देकर हत्या कर दी। रविवार को अलीगढ़ की लोधा पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए पत्नी, प्रेमी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। दो शूटर फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि 17 दिसंबर को बुधवार सुबह अलीगढ़ के हैवतपुर-अकरावत रोड की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर जंगल में एक शव पड़ा मिला था। इसकी पहचान आगरा जिले के सिकंदरा क्षेत्र के बाईपुर निवासी राजकुमार (45) पुत्र रामभरोसे के रूप में हुई। वह घर से यह कहकर निकले थे कि कहीं से पैसे लेने जा रहे हैं। मामले में पत्नी ज्योति की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया। सीओ गभाना धनंजय सिंह के नेतृत्व में लोधा थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह की टीम ने शनिवार रात को नगला माली निवासी बॉबी कुमार, बृह्मदेव कॉलोनी निकट माली नगला संदीप व राजकुमार की पत्नी ज्योति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि बॉबी व ज्योति के बीच प्रेम संबंध थे। राजकुमार को इसकी जानकारी हो गई थी। इसलिए दोनों ने मिलकर राजकुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। बॉबी ने अपने दोस्त संदीप के माध्यम से लोधा क्षेत्र के मुकुटपुर निवासी हरीश पुत्र प्रेमपाल व सनी पुत्र सुभाष चंद्र को डेढ़ लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। एक लाख रुपये एडवांस दे दिए थे। 50 हजार रुपये बाद में देने थे। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त टाटा नेक्सोन गाड़ी बरामद हुई है। फरार शूटरों की पुलिस तलाश कर रही है।
राजकुमार से भी ज्योति को हुआ था प्यार
पूछताछ में सामने आया कि पूर्व में राजकुमार भी धनीपुर क्षेत्र में किराये पर रहता था। वहीं, ज्योति का परिवार बॉबी के मकान में किराये पर रहता था। ऐसे में ज्योति व राजकुमार में प्रेम संबंध हो गए और दोनों ने शादी कर ली। चूंकि राजकुमार निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसकी कमाई से परिवार का गुजारा जैसे-तैसे होता था। इसलिए ज्योति के मायके के पास रहने वाले बॉबी से प्रेम संबंध हो गए।
40 हजार रुपये लेने के लिए पत्नी ने भेजा था
राजकुमार को रुपयों की जरूरत थी। ऐसे में ज्योति ने उसे बॉबी के पास ये कहकर भेजा कि वह 40 हजार रुपये का लोन करा देगा। इसके तहत मंगलवार को राजकुमार अलीगढ़ आया। यहां बॉबी उसे कार में मिला। साथ में अन्य लोग भी थे। पैसे देने के बहाने उसे घुमाते रहे। राजकुमार शराब नहीं पीता था। रास्ते में अन्य सभी ने शराब पी। इसके बाद मौका पाकर उसे गोली मार दी।
कॉल डिटेल दिखाई, तब जाकर बोला सच
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो कई स्थानों पर आरोपियों की कार ट्रेस हुई थी। घटना के दौरान ज्योति लगातार बॉबी के संपर्क में थी। लेकिन, कई घंटे तक वह पुलिस को गुमराह करती रही। जब पुलिस ने कॉल डिटेल उसके सामने रखीं और सख्ती से पूछताछ की, तब जाकर उसने सच बोला और जुर्म कबूला।
चेहरे पर कार चढ़ाने का किया था प्रयास
आरोपियों ने गाड़ी में चलने के दौरान रास्ते में ही राजकुमार को गोली मार दी। इस दौरान उसने विरोध भी किया तो आरोपियों से हाथापाई तक हो गई। गोली मारने के बाद उसके शव को लोधा क्षेत्र में फेंका गया। इसके बाद चेहरे पर का को चढ़ाने का भी प्रयास किया गया, ताकि उसकी पहचान न हो सके।




साइन इन