जो यूपी में सफल, वह हर जगह सफल, सीएम योगी ने एसडीएम और डिप्टी एसपी को सौंपे ज्वाइनिंग लेटर
सीएम योगी ने चयनित युवाओं से कहा कि यह आपके, माता-पिता, अभिभावक, पारिवारिक सदस्यों, मित्रों के लिए खुशी का पल है। आपकी सफलता प्रदेश की सफलता का आधार बनना चाहिए।

CM Yogi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित अभ्यर्थियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा है कि जो भी अधिकारी व कर्मचारी भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था में यूपी के अंदर काम कर लेगा, देश-दुनिया में उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। जो यूपी में सफल है, वह हर जगह सफल है, क्योंकि 25 करोड़ आबादी का यूपी अलग-अलग परिस्थितियों में काम करता है और सम-विषम परिस्थितियों में परिणाम भी देता है। आप सभी को ऐसे राज्य में कार्य करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री योगी सरकार के मिशन रोजगार के तहत सोमवार को 21 विभागों में विभिन्न पदों पर 932 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बोल रहे थे। उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य-प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 के तहत चयनित युवाओं को सोमवार को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। इनमें 35 एसडीएम और 17 डिप्टी एसपी को भी पत्र सौंपे गए। लोकभवन में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनितों के चेहरे खिल उठे।
आपकी सफलता प्रदेश की सफलता का आधार बनना चाहिए
मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं से कहा कि यह आपके, माता-पिता, अभिभावक, पारिवारिक सदस्यों, मित्रों के लिए खुशी का पल है। आपकी सफलता प्रदेश की सफलता का आधार बनना चाहिए। जिस पारदर्शी तरीके से आपका चयन हुआ है,शासन भी सर्विस कालखंड के दौरान उसी पारदर्शी व शुचितापूर्ण कार्यपद्धति की अपेक्षा करता है। जो कार्य आज करना है, उसे आज ही करने की आदत डालनी पड़ेगी। पहले 10 वर्ष में जो मेहनत कर पाएंगे, वह आपके आगे के 30-35 वर्ष के सेवाकाल व उसके बाद के कार्यकाल के लिए भी मजबूत नींव होगी। परिश्रम व्यक्ति को सफलता की ऊंचाई तक पहुंचाता है। आपका परिश्रम ईमानदार व्यवस्था के साथ जुड़ता है तो परिणाम आता है। यही परिणाम आगे भी परिश्रम का आधार बनेगा तो वह जीवन भर सुखद अनुभूति का अहसास कराएगा।
सिफारिश और लेन-देन से चयनित व्यक्ति प्रगति नहीं, दुर्गति कराएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की मंशा, व्यवस्था और कार्ययोजना क्या है। उसे इंप्लीमेंट करने के लिए भर्ती आयोग व बोर्ड की कार्यपद्धति उदाहरण बनती है। अगर भर्ती प्रक्रिया ही पारदर्शी व शुचितापूर्ण न हो तो जिन लोगों का चयन होगा, उनसे ईमानदारी से परिणाम देने, प्रदेश की गति को प्रगति व समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देने की बात दिवास्वप्न ही होगी। गति को प्रगति की ओर वही ले जा सकता है, जिसका ईमानदारी से चयन हो और जिसने परिश्रम-मेहनत से स्थान प्राप्त किया है। सिफारिश और पैसे के लेन-देन से चयनित व्यक्ति प्रगति नहीं, दुर्गति कराएगा। वर्ष 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में यही होता था।
आपने देखी है परीक्षा व परिणाम की शुचितापूर्ण व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सौभाग्यशाली हैं कि आपको नकल विहीन परीक्षा देने का अवसर प्राप्त हुआ। आपने स्कूली शिक्षा, विश्वविद्यालय, प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणाम के साथ ही चयन प्रक्रिया की शुचितापूर्ण व्यवस्था भी देखी है, लेकिन 2017 से पहले यह संभव नहीं था।
अब आप ट्रेनिंग में जाएंगे, फिर राज्य के विकास के लिए कार्य करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंच पर सीमित लोगों को ही बुला कर नियुक्ति पत्र दिया गया। सभी 932 अधिकारी सीधे नियुक्ति पत्र पाने के अधिकारी हैं, लेकिन समय की सीमा है। हमने विभागीय मंत्रियों को प्रतिनिधि के रूप में रखा। यह वह टीम है, जो पीएम के विजन को अपने विभागों में इंप्लीमेंट करने के लिए कार्यक्रमों को लागू करती है। अब आपको मशीनरी के रूप में कार्य करना है। अभी आप ट्रेनिंग में जाएंगे, फिर राज्य के विकास के लिए कार्य करेंगे।
नौ साल की यात्रा में चुनौतियां भी थीं, लेकिन हमने उनका मुकाबला किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 साल की शानदार यात्रा में भी चुनौतियां थीं, लेकिन हमने उनका सफलतापूर्वक मुकाबला किया और टीम भावना से परिणाम भी लाया। नौ वर्ष में यूपी की अर्थव्यवस्था व प्रति व्यक्ति आय को तिगुना करने में सफलता हासिल की। यूपी को अब कोई बीमारू नहीं कह सकता। हमने यूपी को बॉटम-3 से टॉप-3 राज्यों में पहुंचाया है। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, योगी सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, ओमप्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान, दयाशंकर सिंह, रविंद्र जायसवाल, बलदेव सिंह औलख, विजय लक्ष्मी गौतम, दानिश आजाद अंसारी आदि मौजूद रहे।




साइन इन