घर में जगह नहीं है तो संख्या कम करो, आबादी क्यों बढ़ा रहे; योगी की दो टूक- सड़क पर नमाज नहीं चलेगा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सड़क पर नमाज नहीं होने देंगे। लोग घरों या शिफ्ट में नमाज पढ़ें। उन्होंने कहा कि सड़क आम लोगों के लिए है और कानून सब पर समान रूप से लागू होगा। सीएम ने चेतावनी दी कि अराजकता फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं दी जाएगी और लोगों को अपने घरों या निर्धारित स्थानों पर नमाज पढ़नी चाहिए। उन्होने कहा कि ‘लोग घर में नमाज करें या फिर शिफ्ट में कर लें। जब तुम्हारे घर में रहने की जगह नहीं है। तो संख्या नियंत्रित कर लो, सामर्थ्य नहीं है तो क्यों बेकार संख्या बढ़ाई जा रही।' अगर आपको सिस्टम के साथ रहना है तो ये याद करना हम उन कानून को मानना शुरू करें, कानून का राज हो। सबके लिए सामान्य रूप से लागू करेंगे।
लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि नमाज पढ़ना जरूरी है, आप शिफ्ट में करिए हम उसको रोकेंगे नहीं। लेकिन सड़क पर नहीं, रोड आम लोगों के लिए चलने के लिए है। हम सड़क को बाधित नहीं करने देंगे। हमने सबको कहा कि ये नहीं चलने देंगे। अराजकता नहीं फैलने देंगे। प्यार से मानेंगे तो ठीक नहीं तो दूसरा तरीका अपनाएंगे। हमारा काम है, संवाद बनना। आप उससे मानेंगे तो ठीक नहीं तो संघर्ष से मानेंगे। तो वो भी देख लो। बरेली में लोगों ने हाथ आजमाने का काम किया, क्या हुआ देख ली ताकत। हमारी सरकार सिस्टम के साथ व्यवस्था को जोड़ना चाहती है।
बंगाल में सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर विवाद
आपको बता दें कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के राजा बाजार इलाके में शुक्रवार को सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर विवाद और हंगामा हो गया। जुमे की नमाज के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग सड़क पर नमाज अदा कर रहे थे। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची और नमाजियों से सड़क खाली करने की अपील करने लगी। पुलिस का कहना था कि सरकार के नए निर्देशों के तहत सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी धार्मिक गतिविधि की अनुमति नहीं है। पुलिस के समझाने के बावजूद कई नमाजी सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान बहस और नारेबाजी शुरू हो गई। मौके पर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। पुलिस लगातार लोगों को हटाने और यातायात सामान्य बनाए रखने की कोशिश करती रही।
बंगाल में भी सार्वजनिक स्थलों पर नमाज की अनुमति नहीं
दरअसल, पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक आयोजनों को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। शुभेंदु सरकार ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी धर्म के लोग सड़क पर धार्मिक आयोजन या प्रार्थना नहीं करेंगे, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो। राजा बाजार में वर्षों से सड़क पर जुमे की नमाज पढ़ने की परंपरा रही है। लेकिन नए आदेश लागू होने के बाद शुक्रवार को पहली बार पुलिस ने हस्तक्षेप किया। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली थी।
सीएम योगी ने चुनावी रैलियों में किया था जिक्र
इससे पहले जब सीएम योगी ने बंगाल में बीजेपी के लिए चुनावी रैलियों को संंबोधित किया था। तो उन्होने कहा कि अब यूपी में सड़कों पर नमाज नहीं होती। माफिया को हमारी सरकार ने मिट्टी मे मिलाने का काम किया है।




साइन इन