Who is IPS Vinayak Bhonsle, who visited the gangster home and warned his family अपने भाई को समझा देना... कौन हैं IPS विनायक भोंसले? जिन्‍होंने गैंगस्‍टर के घर जाकर परिवार को चेताया, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

अपने भाई को समझा देना... कौन हैं IPS विनायक भोंसले? जिन्‍होंने गैंगस्‍टर के घर जाकर परिवार को चेताया

मेरठ में बकरीद से पहले एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले का गैंगस्टर सलमान के घर पहुंचकर चेतावनी देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। एसपी सिटी ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने पर संपत्ति कुर्की समेत गैंगस्टर एक्ट में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Fri, 29 May 2026 11:08 AMsandeep लाइव हिन्दुस्तान
share
अपने भाई को समझा देना... कौन हैं IPS विनायक भोंसले? जिन्‍होंने गैंगस्‍टर के घर जाकर परिवार को चेताया

मेरठ में बकरीद से पहले पुलिस का सख्त एक्शन देखने को मिला। शहर के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले का गैंगस्टर के खिलाफ ‘सिंघम’ अंदाज वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह गैंगस्टर सलमान के घर पहुंचकर उसके परिजनों को सख्त चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। दरअसल, मेरठ के कोतवाली क्षेत्र निवासी गैंगस्टर सलमान हाल ही में जिला बदर की अवधि पूरी होने के बाद फिर इलाके में दिखाई दिया था। सूचना मिलने पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले पुलिस बल के साथ उसके घर पहुंचे। वहां सलमान नहीं मिला, लेकिन उसका भाई आमिर मौजूद था। इसी दौरान एसपी सिटी ने परिवार को साफ शब्दों में चेतावनी दी।

आईपीएस विनायक गोपाल भोंसले का वीडियो हुआ वायरल

वायरल वीडियो में एसपी सिटी कहते नजर आ रहे हैं कि अगर किसी ने भी शहर की कानून व्यवस्था और शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तो ऐसी कार्रवाई होगी जो जिंदगीभर याद रहेगी। उन्होंने सलमान के आलीशान मकान की ओर इशारा करते हुए कहा कि अपराध के दम पर बनाई गई संपत्ति भी कुर्क कर ली जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि यदि सलमान या उसके गुर्गों ने खुद या किसी और के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की, तो गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्की, आर्थिक दंड और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दो-दो गाड़ियों का काफिला लेकर घूमने वालों को समझा दिया जाए कि दोबारा समझाने की नौबत नहीं आनी चाहिए। अपने भाई को समझा देना। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सलमान एक चिन्हित अपराधी है और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी सिटी का कहना है कि ऐसे अपराधी युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाते हैं, जिससे समाज का माहौल खराब होता है। इसी वजह से पुलिस अपराधियों और उनके नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कौन हैं आईपीएस अपर्णा कौशिक? मिर्जापुर एसपी बॉडी शेमिंग की हुईं शिकार
ये भी पढ़ें:कौन हैं IPS अजय पाल शर्मा? जिनको लेकर शंकराचार्य ने खोला मोर्चा, नई तस्वीर दिखाई

कौन हैं IPS विनायक गोपाल भोंसले?

विनायक गोपाल भोंसले साल 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले हैं। उन्होंने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और पॉलिटिकल साइंस में बीए की डिग्री हासिल की है। मेरठ में एसपी सिटी के पद पर तैनाती से पहले वह सीतापुर में अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य कर चुके हैं। विनायक भोंसले अपनी सख्त कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठ छवि के लिए पहचाने जाते हैं। अपराध और कानून व्यवस्था के मामलों में उनका तेज और सख्त रवैया अक्सर चर्चा में रहता है। हाल ही में मेरठ में गैंगस्टर सलमान के घर पहुंचकर दी गई चेतावनी के बाद उनका ‘सिंघम’ अंदाज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।