कौन हैं हर्षिता अरोड़ा? 15 साल की उम्र में छोड़ी थी पढ़ाई, अब Y Combinator में संभालेंगी जनरल पार्टनर का पद
भारत में जन्मी हर्षिता अरोड़ा ने Y Combinator में जनरल पार्टनर बनकर इतिहास रच दिया है। YC की सबसे कम उम्र की विजिटिंग पार्टनर होने के बाद, वह अब फुल-टाइम GP रोल में नजर आएंगी। हर्षिता मूल रूप से यूपी के सहारनपुर की रहने वाली हैं।

भारतीय मूल की हर्षिता अरोड़ा ने दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित स्टार्टअप Y Combinator (YC) में जनरल पार्टनर (GP) बनकर इतिहास रच दिया है। हर्षिता इससे पहले YC की सबसे कम उम्र की विजिटिंग पार्टनर रह चुकी हैं, और अब वह फुल-टाइम रोल में अगली पीढ़ी के स्टार्टअप्स को तराशने का काम करेंगी।
स्टार्टअप दुनिया की सबसे प्रभावशाली संस्थाओं में से एक Y Combinator ने हर्षिता अरोड़ा को अपना नया जनरल पार्टनर नियुक्त किया है। इससे पहले वह YC की सबसे कम उम्र की विजिटिंग पार्टनर रह चुकी हैं। अब वह फुल-टाइम भूमिका में स्टार्टअप्स को गाइड करेंगी और नई कंपनियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगी। YC ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि हर्षिता ने बहुत कम उम्र में ही टेक्नोलॉजी की दुनिया में कदम रख दिया था।
हर्षिता अरोड़ा ने इस नई जिम्मेदारी पर खुशी जताते हुए कहा, 'YC में विजिटिंग पार्टनर के तौर पर बिताया गया एक साल बेहद शानदार रहा। मुझे कई बेहतरीन और सकारात्मक सोच रखने वाले फाउंडर्स के साथ काम करने का मौका मिला। अब जनरल पार्टनर के रूप में जुड़ने को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं।'
कौन हैं हर्षिता अरोड़ा?
हर्षिता अरोड़ा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली हैं। अरोड़ा को कोडिंग के बारे में तब पता चला जब वह सिर्फ़ 13 साल की थीं। करीब दो साल बाद, उन्होंने इस फ़ील्ड में अपना करियर बनाने के लिए स्कूल छोड़ दिया। जब वह 16 साल की थीं, तो उन्होंने एक क्रिप्टो पोर्टफ़ोलियो मैनेजमेंट ऐप बनाया जिसे Apple ने फ़ीचर किया और बाद में उसे खरीद लिया।
साल 2020 में उन्हें ‘बाल शक्ति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया, जो देश के युवाओं के लिए सबसे बड़े सम्मानों में से एक है। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी उपलब्धि की सराहना की थी। एक पोस्ट में PM मोदी ने लिखा, ‘मुझे खुशी है कि बहुत टैलेंटेड हर्षिता अरोड़ा को बाल शक्ति पुरस्कार 2020 से सम्मानित किया गया है! वह कई तरह के सेक्टर पर फोकस कर रही हैं। साइंस, टेक्नोलॉजी और मानव कल्याण के प्रति उनका जुनून साफ दिखता है।’
स्टार्टअप में हर्षिता का सफर
हर्षिता ने साल 2019 में विग्नान वेलिवेला और तुषार मिश्रा के साथ मिलकर AtoB स्टार्टअप की स्थापना की। यह कंपनी ट्रकिंग इंडस्ट्री के लिए फाइनेंशियल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करती है और फ्लीट कार्ड, इंस्टेंट पेआउट जैसे आधुनिक समाधान प्रदान करती है। आज AtoB एक सीरीज-सी स्टेज की कंपनी बन चुकी है और अमेरिका में 30,000 से ज्यादा फ्लीट्स को अपनी सेवाएं दे रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी की वैल्यूएशन करीब 800 मिलियन डॉलर तक पहुंच चुकी है।
YC में क्या करेंगी हर्षिता?
Y Combinator के मुताबिक, हर्षिता अरोड़ा फिनटेक और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर का गहरा अनुभव लेकर आई हैं। वह स्टार्टअप फाउंडर्स को प्रोडक्ट डेवलपमेंट, ग्रोथ और स्केलिंग में गाइड करेंगी।




साइन इन