ईरान- इजरायल युद्ध के बीच यूपी में तेल खत्म होने की अफवाह, पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें लगीं
इजरायल-ईरान युद्ध की खबरों के बीच पेट्रोल-डीजल की कमी और दाम बढ़ने की अफवाह से बाराबंकी और लखीमपुर खीरी में पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोग ड्रम-जेरीकैन में ईंधन भरवाने पहुंचे। वहीं प्रशासन ने बताया कि ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और अफवाह फैलाने वालों पर एफआईआर की जाएगी।

इजरायल, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों का असर गुरुवार को कस्बे के पेट्रोल पंपों पर देखने को मिला। बाराबंकी और लखीमपुर खीरी में पेट्रोल और डीजल खत्म होने की आशंका के चलते लोगों की भीड़ पेट्रोल पंपों पर उमड़ पड़ी। कई लोग अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने के साथ ही जेरीकैन और ड्रमों में भी ईंधन भरवाने पहुंच गए। इस दौरान पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, हालांकि हिन्दुस्तान वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
अफवाहों पर न दें ध्यान- डीएम
बाराबंकी के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारु रूप से चल रही है। प्रशासन द्वारा लगातार पेट्रोल पंपों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कहीं भी ईंधन की कमी की कोई स्थिति नहीं है।
भ्रामक जानकारी फैलाने पर कार्रवाई होगी
डीएम ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से पेट्रोल-डीजल की कमी और कीमतों में भारी बढ़ोतरी की भ्रामक सूचनाएं फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे आम लोगों में अनावश्यक चिंता और भ्रम की स्थिति बन रही है। प्रशासन ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर लगातार निगरानी कर रहा है।
उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति पेट्रोल-डीजल की कमी संबंधी झूठी या भ्रामक जानकारी फैलाता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर ऐसी जानकारी साझा करने से बचें। किसी भी जानकारी के लिए प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
तेल के दाम बढ़ने की अफवाह
उधर, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव को लेकर लखीमपुर खीरी के कई इलाके में अफवाहों का बाजार गर्म रहा। कई लोगों को आशंका है कि युद्ध की वजह से पेट्रोल और डीजल के दाम अचानक बढ़ सकते हैं या ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसी डर से लोग पहले से ही ईंधन का स्टॉक करने में जुट गए।
ड्रम और जेरीकैन लेकर पहुंचे लोग
पेट्रोल पंपों पर कई लोग ड्रम और जेरीकैन लेकर पहुंचे। आसपास के गांवों से किसान भी ट्रैक्टर-ट्रॉली में ड्रम लादकर डीजल भरवाने आए। कई किसान अपने ट्रैक्टरों की टंकी फुल कराने के साथ अतिरिक्त डीजल भी भरवाना चाहते थे।
पेट्रोल पंप संचालक और कर्मचारी लोगों को लगातार समझाते रहे कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग जल्द से जल्द पेट्रोल और डीजल भरवाने की कोशिश करते दिखाई दिए। इसी वजह से कस्बे के पेट्रोल पंपों पर दिनभर भारी भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।




साइन इन