explosions shook their hearts they hide in bunkers ordeal of families of UP amid the Iran Israel war धमाकों से कांप गया कलेजा, बंकर में छिपे ; ईरान-इजरायल युद्ध के बीच यूपी के परिवारों की आपबीती, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

धमाकों से कांप गया कलेजा, बंकर में छिपे ; ईरान-इजरायल युद्ध के बीच यूपी के परिवारों की आपबीती

अमेरिका-इजरायल के ईरान पर हमले के बाद यूपी में विरोध प्रदर्शन हुए। दुबई, हाइफा और रियाद में रह रहे यूपी के लोगों ने धमाकों और सायरन के बीच दहशत भरे हालात बताए। उड़ानें बंद होने से कई परिवार फंसे हैं और परिजन संपर्क न होने से चिंतित हैं।

Mon, 2 March 2026 09:46 AMsandeep हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान टीम, मेरठ/कानपुर/मुरादाबाद
share
धमाकों से कांप गया कलेजा, बंकर में छिपे ; ईरान-इजरायल युद्ध के बीच यूपी के परिवारों की आपबीती

अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद यूपी के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन हुए। ईरान में फंसे यूपी के कई लोगों ने अपने परिजनों से हालात बयां किए। कांग्रेस के मेरठ जिलाध्यक्ष रहे नरेश चंद शर्मा का बेटा अभिनव शर्मा दुबई में इन्वेस्टमेंट बैंकर हैं। रविवार सुबह नरेशचंद ने फोन कर बेटे से बात की। अभिनव ने बताया, उसके घर से करीब 300 मीटर दूर ही बुर्जअल पांच सितारा होटल है, जहां मिसाइल दागी गईं। वह घर के गार्डन में खड़े थे तभी धमाके से दिल दहल गया और आसमान में धुआं ही धुआं देने लगा।

धमाकों के बीच बंकर में रहने को मजबूर

जंग के बीच ईरान की ओर से लगातार हो रहे मिसाइल हमलों के बीच इजरायली शहर हाइफा में दहशत का माहौल है। कानपुर के कामगार राजा और धीरज ने बताया कि हर पांच मिनट पर सायरन बज रहे हैं। लोग अपार्टमेंट व बंकरों में शरण ले रहे हैं। धीरज के अनुसार, दागी जा रहीं कुछ मिसाइलें हवा में फटकर कई हिस्सों में बंट जाती हैं और बम दूर-दूर तक गिरते हैं। शनिवार को उनके घर से करीब 200 मीटर दूर समुद्र में एक मिसाइल गिरी। उस समय वे बंकर में थे। युद्ध के चलते एक दिन की छुट्टी रही और कार्यस्थलों पर बंकर व्यवस्था दुरुस्त की गई।सोमवार से फिर ड्यूटी पर बुलाया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ईरान-यूएस युद्ध की गूंज कानपुर तक पहुंची; 600 करोड़ पर संकट, टेंशन में कारोबारी
ये भी पढ़ें:जो खामेनेई को नहीं बचा पाए वो बाबरी की बात करते हैं; संगीत सोम का विवादित बयान

ईरानी बहू ससुराल में नहीं मना पाएगी होली

मुरादाबाद के कांठ रोड हरथला निवासी पंकज दिवाकर की पत्नी फायजा इजरायल-ईरान जंग के चलते इस बार ससुराल में होली नहीं मना पाएंगी। ईरान की रहने वाली फायजा ने पंकज से विवाह किया था और कुछ समय पूर्व वह पति के साथ ईरान चली गई थीं। फोन पर हुई बातचीत में पंकज दिवाकर ने अपने परिजनों को बताया कि वह पत्नी फायजा के साथ ईरान से भारत आने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अचानक शुरू हुई जंग के चलते हवाई सेवाएं बंद कर दी गईं।

धमाकों से कांप जाता है कलेजा

वहीं उरई के कदौरा कस्बे के पुरुवा निवासी मोहित गुप्ता का परिवार रियाद में है। मोहित रियाद के एक होटल में मैनेजर हैं और पत्नी-बच्चों के साथ वहीं रह रहे हैं। लगातार हो रहे धमाकों से परिवार दहशत में है। शनिवार देर शाम परिजनों से हुई आखिरी बातचीत में मोहित की पत्नी इला ने तनावपूर्ण हालात की जानकारी दी थी। इसके बाद से दोनों के मोबाइल नहीं लग रहे हैं। मोहित के पिता कैलाश गुप्ता व मां प्रवेश गुप्ता समेत पूरा परिवार चिंतित है। परिजन नेटवर्क समस्या की आशंका जता रहे हैं और रियाद से जुड़ी हर खबर पर नजर बनाए हुए हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।