दिल्ली में मौसम खराब; सात फ्लाइटें लखनऊ डायवर्ट, बेंगलुरु से आ रहे विमान में यात्री की तबीयत बिगड़ी
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने और उड़ानों के संचालन ठप होने के कारण एक के बाद एक सात विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया।

Lucknow News: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार की रात अचानक मौसम बदल गया। बदले मौसम में धूलभरी आंधी-बारिश के कारण कई फ्लाइटें वहां उतर नहीं सकीं। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने और उड़ानों के संचालन ठप होने के कारण एक के बाद एक सात विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। इस दौरान कुछ विमानों में ईंधन की कमी हुई, तो वहीं बेंगलुरु से आ रहे एक विमान में बुजुर्ग यात्री की तबीयत बिगड़ गई। बुजुर्ग के इलाज के कारण विमान को लखनऊ में ही उतारा गया।
सबसे संवेदनशील स्थिति एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 6जेडए (बेंगलुरु से दिल्ली) के साथ बनी। दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण इसे लखनऊ डायवर्ट किया गया था, लेकिन इसी दौरान विमान के भीतर एक यात्री की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। बुजुर्ग यात्री ने कहा कि उनको ऐसा लग रहा है कि दिल का दौरा पड़ा है। ऐसे में पायलट ने तुरंत अमौसी एटीसी से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी की सूचना दी। रात 21:13 बजे विमान को रनवे संख्या 09 पर प्राथमिकता के आधार पर लैंड कराया गया। रनवे पर पहले से ही डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस मुस्तैद थी। डॉक्टर ने तुरंत विमान के भीतर जाकर मरीज का इलाज किया। डॉक्टरों ने पाया कि यात्री को पैनिक अटैक हुआ था। बीमार यात्री और उसके परिजनों सहित कुल 8 यात्रियों को लखनऊ एयरपोर्ट पर ही सुरक्षित उतारा गया।
फ्यूल की कमी के कारण इंडिगो की इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली के आसमान पर मचे ट्रैफिक जाम और मौसम की खराबी के कारण दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई329 को भी ईंधन की कमी के चलते अचानक लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। यह विमान रात 20:44 बजे अमौसी एयरपोर्ट पर उतरा। यहां आपातकालीन स्थिति में विमान की री-फ्यूलिंग (ईंधन भरना) की गई, जिसके बाद इसने मुंबई के लिए दोबारा उड़ान भरी।
एक के बाद एक उतरे सात विमान, बे-नंबर 10 फुल
अमौसी एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, रात 8:30 बजे से 9:30 बजे के बीच लखनऊ एयरपोर्ट पर कई विमान उतरे। इनमें मुम्बई से दिल्ली फ्लाइट एआई 2910, हिसार से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6 ई 6984, आकासा की हैदराबाद से दिल्ली जा रही फ्लाइट क्यूपी 1407 रात 21:13 बजे लखनऊ में सुरक्षित उतरी। रात 21:00 बजे एयर इंडिया की बेंगलुरू-दिल्ली फ्लाइट एआई 2 जेजे उतरी। साथ ही दिल्ली से रायपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बे नम्बर 10 पर उतारा गया।




साइन इन